Kolkata Durga puja 2020: कोलकाता में दशहरा पर रावण दहन का होगा सीधा प्रसारण
पिछले वर्षों के विपरीत इस साल यह कार्यक्रम हजारों लोगों द्वारा लिंक पर क्लिक करके डिजिटल तरीके से देखने की संभावना है। पहले हजारों लोग इस विशाल मैदान में रावण दहन देखने पहुंचते थे। कोलकाता में दशहरा पर रावण दहन का होगा सीधा प्रसारण
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। कोरोना महामारी की वजह से भीड़भाड़ पर रोक के कारण कोलकाता में दशहरा उत्सव और रावण दहन के आयोजन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्य ने यह जानकारी दी। साल्ट लेक सेंट्रल पार्क में 26 अक्टूबर की शाम को रावण के 20 फुट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा।
समिति के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पिछले वर्षों के विपरीत इस साल यह कार्यक्रम हजारों लोगों द्वारा लिंक पर क्लिक करके डिजिटल तरीके से देखने की संभावना है। पहले हजारों लोग इस विशाल मैदान में रावण दहन देखने पहुंचते थे। प्रवक्ता ने कहा कि हमें यह कार्यक्रम करने की अनुमति दी तो गई है लेकिन हमसे यह कार्यक्रम सादे ढंग से करने को कहा गया है। समिति के कार्यकारी सदस्य ही मौजूद रहेंगे और आम लोगों के लिए पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हम रावण, मेघनाद एवं कुंभकरण के पुतले जलाएंगे और ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि कोरोना वायरस भी इस आग में जल जाए। इस बार दशहरा बुराई और इस जानलेवा बीमारी पर अच्छाई की विजय का प्रतीक होगा। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सोमवार को सभी सामुदायिक पूजा पंडालों में दर्शानार्थियों के प्रवेश पर नो एंट्री लगा दी है और कहा कि बड़ी पूजा की स्थिति में लोग पंडाल से दस मीटर की दूरी पर देवी की झलक पा सकते है जबकि छोटी पूजा की स्थिति में लोग पांच मीटर दूर से दर्शन कर सकते हैं।