kolkata durga puja 2020: ममता ने लगातार पांचवें दिन दुर्गा पूजा मंडपों का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने कहा-कृपया ड्यूटी पर रहते हुए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करें हमेशा मास्क पहनें सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और शारीरिक दूरी बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पूजा मंडपों में दीप प्रज्ज्वलित कर देवी के चरणों में पुष्प अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कई पंडालों में जाकर इसका उद्घाटन किया।
कोलकाता , राज्य ब्यूरो। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को लगातार पांचवें दिन कई स्थानों पर दुर्गा पूजा का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इस दिन कोलकाता में युवा मैत्री, कालीघाट श्री संघ, 62 पल्ली, भवानीपुर 76 पल्ली, भवानीपुर 75 पल्ली, स्वाधीन संघ, चक्रबेड़िया, पद्दपुकुर, बाटाम क्लब, गोल माठ, अवसर, प्रियनाथ मल्लिक, बकुल बागान, 22 पल्ली, अलीपुर 78 पल्ली, अलीपुर सकल पल्ली समिति, सुरुचि संघ, कोलाहल, अलीपुर सार्वजनिन व बॉडीगार्ड लाइंस क्लबों के पूजा आयोजनों का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान पूजा मंडपों में दीप प्रज्ज्वलित कर देवी के चरणों में पुष्प अर्पित किए। बताते चलें कि मुख्यमंत्री ने लगातार तीसरे दिन कोलकाता के कई पंडालों में जाकर इसका उद्घाटन किया। उससे पहले बुधवार और गुरुवार को लगातार दो दिनों तक मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल व दक्षिण बंगाल के जिलों में राज्य सचिवालय नवान्न से ही डिजिटल माध्यम से पंडालों का उद्घाटन किया था।
कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए पुलिस, प्रशासन को कर रहे हैं बदनाम : ममता
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नाम लिए बिना रविवार को कहा कि राज्य पुलिस और प्रशासन की ओर से संकटों को दूर करने के लिए दिन-रात मेहनत करने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें बदनाम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यहां दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन के मौके पर यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे संकट की स्थितियों के दौरान पुलिस द्वारा किए गए काम को भूल जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी की तपेदिक से मृत्यु हो जाती है तो ये लोग बंगाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति की ओर उंगली उठाएंगे। वे कहेंगे कि यह मौत (राजनीतिक) हिंसा के कारण हुई।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान राजनीतिक लाभ कमाने के लिए किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने एक पुलिस अधिकारी के निधन पर शोक व्यक्त किया, जिन्होंने रविवार की सुबह कोविड-19 के कारण दम तोड़ दिया। शहर के दक्षिणी भाग में अलीपुर में पुलिस लाइन के निवासियों द्वारा स्थापित एक पंडाल का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि कृपया ड्यूटी पर रहते हुए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करें। हमेशा मास्क पहनें, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और शारीरिक दूरी बनाए रखें।