पूजा पंडालों के जरिए डेंगू पर जागरुकता अभियान चलाएगा निगम
महानगर में डेंगू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कोलकाता नगर निगम ने इसकी रोकथाम को कमर कस ली है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : महानगर में डेंगू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कोलकाता नगर निगम ने इसकी रोकथाम को कमर कस ली है। निगम ने जागरुकता अभियान चलाने का फैसला किया है। महानगर के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों में निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू से बचाव के उपायों का प्रचार किया जाएगा। इसके लिए निगम ने विशेष तरह के पोस्टर-बैनर तैयार कराए हैं। इसके साथ ही बुकलेट भी छपवाए गए हैं, जिन्हें प्रत्येक पूजा पंडाल में वितरित किया जाएगा। पूजा आयोजकों को जिम्मेदारी दी जाएगी कि वे अपने पंडाल में आने वाले लोगों में बुकलेट बांटे ताकि लोग इसे पढ़कर डेंगू के प्रति जागरूक हो सके। इसके साथ ही निगम ने 'स्वास्थ्य बांधव शारद सम्मान' की शुरुआत की है। यह सम्मान उन पूजा आयोजकों को दिया जाएगा, जो डेंगू की रोकथाम से जुड़े प्रचार अभियान में शानदार प्रदर्शन करेंगे। मेयर परिषद के सदस्य (स्वास्थ्य) अतिन घोष ने शनिवार को बताया कि डेंगू से बचाव के लिए इस अभियान में महानगर की विभिन्न पूजा कमेटियों को शामिल करने की योजना है ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके। जो भी पूजा कमेटियां इस अभियान में हिस्सा लेंगी, उन्हें चार व पांच अक्टूबर को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर इस अभियान के बारे में जानकारी देनी होगी। पूजा पंडाल में आने वाले लोगों को भी जागरूक करना होगा। इस अभियान में भाग लेने के लिए पूजा कमेटियों को खुद निगम में आवेदन करना होगा, जिसकी अंतिम तिथि 25 सितंबर है। गौरतलब है कि महानगर में पिछले वर्ष डेंगू से करीब 100 लोगों की मौत हुई थी तथा इस वर्ष अबतक 12 लोगों की मौत हो चुकी है।