बंगाल में जुबानी जंग बरकरार, अब रूपा गांगुली ने ममता से कहा, न बनाएं खुद को हंसी का पात्र
भाजपा को ममता ने बताया था चोर और डैकतों की पार्टी। बनर्जी ने एक रैली में कहा कि अगर केंद्र सोचती है कि वे केंद्रीय बल लाकर और राज्य कैडर के अधिकारियों का तबादला कर डरा देंगे तो वे गलत सोच रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: विधानसभा चुनाव से पहले ही बंगाल में जुबानी जंग छिड़ी हुई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को भाजपा को चोरों और डकैतों की पार्टी बताया था। जिस पर भाजपा नेत्री व राज्यसभा सदस्य रूपा गांगुली ने ममता को नसीहत दी है कि खुद को हंसी का पात्र न बनाएं।
ममता की बातों का अब कोई खास असर नहीं रहा
रूपा गांगुली ने कहा कि ममता की बातों का बंगाल के लोगों पर अब कोई खास असर नहीं रहा। दुखद है कि मुख्यमंत्री होते हुए भी उनकी बात करने के ढंग पर हंसी-मजाक होता है। उनके आखिरी कुछ दिन बचे हैं, ऐसे में वह खुद को हंसी का पात्र न बनाएं तो बेहतर है।
भगवा पार्टी को 'डकैतों और चोरों का समूह' बताया
दरअसल, मंगलवार को ममता बनर्जी ने भगवा पार्टी को 'डकैतों और चोरों का समूह' बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर उंगली उठा रही है और बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
तबादला कर हमें डरा देंगे तो वे गलत सोच रहे हैं
सुश्री बनर्जी ने एक रैली में कहा कि अगर भाजपा और केंद्र सरकार सोचती है कि वे केंद्रीय बल यहां लाकर और राज्य कैडर के अधिकारियों का तबादला कर हमें डरा देंगे तो वे गलत सोच रहे हैं।