पश्चिम बंगाल में चल रही ममता की इमरजेंसी: जावड़ेकर
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा पश्चिम बंगाल में संवैधानिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई है, चरमरा गई है। कोलकाता और बंगाल में जो हो रहा है, वह अद्भुत और अभूतपूर्व है।
कोलकाता, जेएनएन। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा पश्चिम बंगाल में संवैधानिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई है, चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि कल से कोलकाता और बंगाल में जो हो रहा है, वह अद्भुत और अभूतपूर्व है। देश में ऐसा कभी नहीं हुआ। जांच करने ग्सए सीबीआई अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया| यह जांच रुकवाने का प्रयास और लोकतंत्र की हत्या है। बंगाल में ममता जी की इमरजेंसी चल रही है। उन्होंने सवाल किया कि ममता आखिर किसको बचाने के लिए धरने पर बैठी हुई है।
पुलिस कमिश्नर या खुद को बचाना चाहती हैं। चिटफंड घोटाले में कुणाल घोष, मदन मित्रा, तपस पाल, सृंजय घोष, सुदीप्त सेन, सुदीप बंदोपाध्याय इत्यादि मंत्री व सांसद की गिरफ्तारी होने पर ममता बनर्जी ने कभी धरना नहीं दिया। आज क्यों सीपी को बचाने के लिए धरना पर बैठ गई। आखिर और पुलिस कमिश्नर के पास क्या है।लोग इसका जवाब चाहते हैं। इस पुलिस अधिकारी ने क्या छुपा रखा है। चिटफंड मालिक के उस लाल डायरी और पेन ड्राइव से तो नहीं बचना चाहती हैं जिसमें लोगों के पैसे के हिसाब-किताब लिखे गए थे।
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रधानमंत्री को कोसने पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई कर रही है और इस मामले में कांग्रेस की तरफ से पीआईएल दाखिल किया गया था। केंद्रीय मंत्री ने महागठबंधन को घोटाले करने वालो एवं भ्रष्टाचार करने वालों का गठबंधन बताया। उन्होंने ममता पर देश भर की पुलिस, आर्मी बीएसएफ और सरकार के खिलाफ बगावत करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया| उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी जांच से भाग रही हैं। वह राजदार को बचाने के लिए धरना पर बैठी हुई हैं| साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी को तानाशाह बताया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा धरने पर बैठे जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोग कहते हैं कि दाल में कुछ काला है लेकिन यहां तो पूरी दाल ही काली है। ममता खुद को बचाने के लिए धरने पर बैठी है| बंगाल में ममता की इमरजेंसी चल रही है। भाजपा इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। लोगों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ेगी| भाजपा इस इमरजेंसी को खत्म कर देगी। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने भी इमरजेंसी लगाई थी लेकिन लड़ाई हमने लड़ाई लड़ी। उस इमरजेंसी को उखाड़ फेंका गया| बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कुछ बोलने से इनकार किया।