भारत-चीन को साथ मिलकर काम करने की जरूरत : झानवु
कोलकाता में चीन के महा वाणिज्यदूत (कौंसुल जनरल) मा झानवु ने कहा कि भारत व चीन को साथ मिलकर काम करने की जरूरत है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कोलकाता में चीन के महा वाणिज्यदूत (कौंसुल जनरल) मा झानवु ने कहा कि भारत व चीन को साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। इससे दुनिया का भी अधिक कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंधों में बहुत उतार-चढ़ाव के बावजूद उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस साल जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक ने द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ा है। पीपुल्स रिपब्लि्क ऑफ चाइना के 69वें स्थापना दिवस से पहले कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में झानवु कहा कि दोनों महान राष्ट्रों भारत व चीन को परस्पर विनिमय व सहयोग को आगे बढ़ाने की जरूरत है। इससे विश्व शांति को भी बढ़ावा मिलेगा। अपने देश के बारे में बात करते हुए झानवु ने कहा कि एक समय चीन गरीब देश था लेकिन अब चीन एक विकसित देश के रूप में बदल गया है। उन्होंने कहा कि चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी ने 19वीं कांग्रेस में एक मजबूत, समृद्ध और सुंदर राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पहले ही निर्धारित कर दिया था। इस साल चीन में सुधार की 40वीं वर्षगांठ है। चीन अब काफी बदल गया है और वहां की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है।