Move to Jagran APP

Coronavirus Lockdown: केंद्र के निर्देश की उपेक्षा कर बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन के चलते थमा जनजीवन

केंद्र के निर्देश की उपेक्षा कर बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन के चलते थमा जनजीवन। सभी दुकान बाजार सरकारी व निजी कार्यालय परिवहन सेवा बंद ट्रेन व विमान सेवाएं भी पूरी तरह हैं बंद।

By Preeti jhaEdited By: Published: Mon, 07 Sep 2020 01:05 PM (IST)Updated: Mon, 07 Sep 2020 10:08 PM (IST)
Coronavirus Lockdown: केंद्र के निर्देश की उपेक्षा कर बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन के चलते थमा जनजीवन
Coronavirus Lockdown: केंद्र के निर्देश की उपेक्षा कर बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन के चलते थमा जनजीवन

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में कोविड-19 महामारी के चलते सोमवार को लागू इस महीने का पहला राज्यव्यापी पूर्ण लॉकडाउन के चलते एक बार फिर जनजीवन पूरी तरह से ठप हो गया। अनलॉक 4.0 में केंद्र सरकार द्वारा बिना उसके परामर्श के राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन लागू नहीं किए जाने के दिशानिर्देश के बावजूद बंगाल सरकार ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार लॉकडाउन लागू किया। इसके चलते कोलकाता सहित राज्य के अधिकतर जिलों में सुबह से देर रात तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा  रहा और सार्वजनिक परिवहन के अधिकतर साधन सड़कों से नदारद रहे।

loksabha election banner

कोलकाता में लाकडाउन का पालन, छिटपुट घटनाएं

कोलकाता में लाकडाउन का सख्ती से पालन किया गया जबकि कुछ जिलों में उल्लंघन की भी खबरें सामने आई। वहीं, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर पूर्ण लॉकडाउनन के चलते सभी सरकारी और निजी कार्यालय, दुकान व बाजार, बैंक व अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद रहे। कोलकाता व बागडोगरा हवाई अड्डे से विमानों का संचालन भी पूरी तरह बंद रहा जबकि लंबी दूरी की ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया था। इसके अलावा जलयान सेवाएं भी बंद रहीं।

राज्य भर में पुलिस सुबह से पूरी तरह मुस्तैद दिखी

राज्य सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार सुबह 6 बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक पूर्ण लॉकडाउन के चलते बेवजह घरों से निकलने पर प्रतिबंध रहा। लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिस मुस्तैद दिखी। इधर, पूर्ण लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए कोलकाता सहित राज्य भर में अधिकतर चौराहों व अन्य स्थानों पर पुलिस भी सुबह से ही पूरी तरह मुस्तैद दिखी। 

कोलकाता पुलिस ने कई नाका और बैरिकेड भी लगाया 

कोलकाता पुलिस ने कई इलाकों में नाका और बैरिकेड भी लगाया तथा पुलिस ने गश्त भी किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लाकडाउन के दौरान लोग अपने घरों में ही रहें। बेवजह घर से बाहर निकलने वाले लोगों व वाहन चालकों से सख्ती से पूछताछ की गई और बिना वैध कारण के आवाजाही करने पर पुलिस ने चालान किया। 

राज्य के कुछ जिलों से लॉकडाउन के उल्लंघन की खबरें 

राज्य के कुछ जिलों से लॉकडाउन के उल्लंघन की खबरें सामने आई क्योंकि कुछ स्थानों पर सुबह में बाजार खुले थे। पुरुलिया, दक्षिण 24 परगना, मालदा सहित कुछ अन्य जिलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई और बिना वैध कारणों के सड़क पर जा रहे दोपहिया वाहनों को जब्त कर लिया गया। 

7,11 व 12 सितंबर को राज्यव्यापी लॉकडाउन की घोषणा 

उल्लेखनीय है कि 1 सितंबर से देशभर में शुरू अनलॉक 4 को लेकर केंद्र द्वारा दिशा- निर्देश जारी करने से पहले ही राज्य सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए 7,11 व 12 सितंबर को राज्यव्यापी पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी। वहीं, केंद्र द्वारा जारी दिशा-निर्देश में साफ कहा गया है कि बिना उसके विचार- विमर्श के कोई भी राज्य कंटेनमेंट जोन के बाहर लॉकडाउन लागू नहीं कर सकता है। लेकिन ममता ने केंद्र के अनलॉक 4 के दिशा निर्देशों की आलोचना करते हुए पहले ही कहा था कि राज्यों में लाकडाउन को केंद्र अकेले तय नहीं कर सकता है।

दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर 1000 से ज्यादा पकड़े

मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया था कि 7, 11 व 12 सितंबर को पूर्ण लॉकडाउन जारी रहेगा क्योंकि राज्य सरकार इसके बारे में पहले ही घोषणा कर चुकी है तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस बारे में सूचित कर चुकी है।लॉकडाउन के उल्लंघन में कोलकाता से 1000 से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए हैं। लॉकडाउन संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर कोलकाता पुलिस ने महानगर के विभिन्न स्थानों से सोमवार को 1000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारियां शाम 6 बजे तक की है। 

622 लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर किए गिरफ्तार

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनमें 622 लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया गया एवं उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं, 402 लोगों को मास्क नहीं लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 22 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के आरोप में पकड़ा गया।इसके अलावा पुलिस ने 26 वाहनों को जब्त किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.