बरानगर में जलते हालत में सड़क पर दौड़ती दिखी गृहिणी, मौत
- देवरानी पर केरोसिन तेल डाल कर आग लगाने का आरोप - थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपित
- देवरानी पर केरोसिन तेल डाल कर आग लगाने का आरोप
- थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपित महिला गिरफ्तार, उसका पति फरार
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के बरानगर थानांतर्गत लेकव्यू पार्क इलाके में एक गृहिणी की संदिग्ध हालत में मौत का मामला प्रकाश में आया है। उसकी पहचान श्यामली दास के रूप में हुई है। श्यामली को जलते हालत में सड़क पर दौड़ते देखा गया था। स्थानीय लोगों ने उसकी देवरानी पर जला कर मारने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम सुष्मिता दास है। हालांकि घटना के बाद से मृतका का देवर व सुष्मिता का पति चंदन दास फरार है। पुलिस मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।
संपत्ति को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
बरानगर नगरपालिका अंतर्गत लेकव्यू पार्क निवासी श्यामली और सुष्मिता रिश्ते में देवरानी-जेठानी हैं। पर दोनों के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार की रात विवाद फिर से बढ़ गया। कथित रूप से सुष्मिता ने श्यामली के शरीर पर केरोसिन तेल डाल कर आग लगा दिया। खुद को बचाने के लिए श्यामली जलते हालत में ही घर से बाहर निकल कर सड़क पर दौड़ने लगी। यह देख आस पास मौजूद लोग उसकी मदद को आगे आए। शरीर में लगी आग तुरंत बुझाया गया। इसके बाद उसे दक्षिण कोलकाता स्थित एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं श्यामली ने अंतिम सांस ली। इस बाबत स्थानीय लोगों ने ही बरानगर थाने में सुष्मिता के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस संदिग्ध हालत में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही गिरफ्तार सुष्मिता से पूछताछ कर सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।