बंगाल में हिंसा पर पीएम मोदी और शाह से राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने की मुलाकात
प बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात । सूत्रों के मुताबिक उनकी यह मुलाकात बंगाल के कानून व्यवस्था को लेकर है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। भाजपा पश्चिम बंगाल में अपने कार्यकर्ताओं की हत्या और 'बिगड़ती कानून और व्यवस्था के विरोध में सोमवार को 'काला दिवस' मना रही है। पार्टी ने उत्तरी 24 परगना जिले के बसीरहाट उप संभाग में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। भाजपा ने राज्य के कई हिस्सों में रैलियां निकालीं, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांध रखी थी। वहीं पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली आए।
अमित शाह से भी मिले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी। यह बैठक करीब 20 मिनट तक चली और इसके बाद बंगाल के राज्यपाल ने बताया कि उन्हें पश्चिम बंगाल के हालात के बारे में जानकारी दी है। वहीं पीएम मोदी से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि उनसे शिष्टाचार मुलाकात की।
केसरी नाथ त्रिपाठी ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री से 9-10 जून और 14-15 जून को मुलाकात के लिए कहा था, क्योंकि मैं शपथ ग्रहण के समय उन्हें व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं नहीं दे सका था। उन्होंने कहा कि यह शिष्टाचार भेंट है। बसीरहाट में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच शनिवार को बसीरहाट के संदेशखली इलाके में संघर्ष हो गया था। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं की हत्याओं में शामिल दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करते हुए जिला उपसंभाग में विरोध रैलियां निकालीं।
इधर केंद्र के परामर्श पर राज्य सरकार उखड़ गई है। मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा है कि केंद्र सरकार का परामर्श बंगाल की जनता का अपमान है। पश्चिम बंगाल की कोलकाता में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच आपसी झड़प के दौरान शनिवार को 3 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद राजनैतिक माहौल काफी गरम है। फिलहाल दो कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में भाजपा का आज बंगाल बंद का ऐलान है। मालूम हो कि रविवार को भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय पुलिस के बीच झड़प हुई थी। यह झड़प भाजपा कार्यकर्ताओं के शव के अंतिम संस्कार को लेकर हुई। मिली जानकारी के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता अपने साथी कार्यकर्ताओं के शव का अंतिम संस्कार कोलकाता ले जाकर करना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें कोलकाता पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में ही रोक लिया। इसी बात पर भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप