राज्यपाल धनकड़ बोले- बंगाल विधानसभा जाने पर इमरजेंसी की आ गई याद, अध्यक्ष बिमान बनर्जी में तकरार बढ़ी
बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ और विधानसभा (विस) अध्यक्ष बिमान बनर्जी में तकरार बढ़ती जा रही है। विस अध्यक्ष ने राज्यपाल की कार्य शैली की राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द से शिकायत की है। जगदीप धनखड़ ने कहा कि विस अध्यक्ष अपने दायित्व व अधिकारों के प्रति सचेत नहीं
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ और विधानसभा (विस) अध्यक्ष बिमान बनर्जी में तकरार बढ़ती जा रही है। विस अध्यक्ष ने राज्यपाल की कार्य शैली की राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द से शिकायत की है। इसपर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए राज्यपाल ने कहा-'विस अध्यक्ष अपने दायित्व व अधिकारों के प्रति सचेत नहीं हैं। मैंने दो बार विस जाकर अभिभाषण दिया है। वहां जाकर दोनों बार मुझे इमरजेंसी की याद आ गई। पहली बार विस घूमने व कुछ तथ्य संग्रह करने गया था। जाकर देखा कि विस के गेट पर ताला लगा हुआ है। विस अध्यक्ष से मैंने अब तक जो भी तथ्य मांगे हैं, आज तक नहीं मिले। विस अध्यक्ष के ऐसे क्रिया कलापों को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
राज्यपाल के बयान पर तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत राय ने कहा-'राज्यपाल अपनी सीमा पार कर रहे हैं। बिमान बनर्जी विस के निर्वाचित सदस्य हैं। उनके बारे में इस तरह की अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया जा सकता। राज्यपाल को इस बात की समझ नहीं है। इसपर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा-'राज्यपाल विस जाते हैं और विस अध्यक्ष गैर हाजिर रहते हैं। यह राज्य के संवैधानिक प्रमुख का अपमान नहीं है तो और क्या है?
बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राज्यपाल व विस अध्यक्ष में इस तरह की तकरार से बंगाल की छवि धूमिल हो रही है। इन सबके बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को विस अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगी। विस अध्यक्ष की ओर से राज्यपाल के खिलाफ राष्ट्रपति को लिखे गए पत्र के मद्देनजर इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
-----------------
'मुख्यमंत्री को ही बना दें राज्यपाल
बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति के पद से राज्यपाल को हटाकर उनकी जगह मुख्यमंत्री को आसीन करने की वकालत की है। उनके इस बयान का उपहास उड़ाते हुए राज्यपाल ने कहा-'मुझे बहुत आश्चर्य हो रहा है कि शिक्षा मंत्री मुझसे बातचीत किए बिना ही मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालयों का कुलाधिपति बनाने की बात कर रहे हैं। आप एक काम कीजिए। सिर्फ कुलाधिपति ही क्यों, मुख्यमंत्री को राज्यपाल भी बना दीजिए। इससे आप लोगों को शांति मिलेगी।