Gangasagar fair 2022: श्रद्धा पर चढ़ा टेक्नोलाजी का रंग, दुनियाभर में तीन करोड़ लोगों ने किए गंगासागर मेले के ई-दर्शन
कोरोना के प्रकोप के कारण इस साल गंगासागर पहुंचे महज छह लाख तीर्थयात्री।राज्य सरकार की तरफ से आनलाइन भेजे गए किट के जरिए 2.88.960 लोगों ने ई-स्नान किया 119 662 लोगों ने ई- पूजा की।डिजिटल प्लेटफार्म को लोगों द्वारा इस स्तर पर तवज्जो दिए जाने से प्रशासन बेहद उत्साहित है।
विशाल श्रेष्ठ, गंगासागर। कोरोना के प्रकोप के बीच संपन्न हुए गंगासागर मेले में जहां सशरीर छह लाख लोग पहुंचे, वहीं तीन करोड़ लोग इसमें वर्चुअली शामिल हुए। श्रद्धा पर पूरी तरह टेक्नोलाजी का रंग चढ़ गया था। सात से 15 जनवरी के दौरान करीब छह लाख लोगों ने गंगासागर आकर पुण्य डुबकी लगाई तो इसी अवधि के दौरान दुनियाभर में लगभग तीन करोड़ लोगों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, टि्वटर और गंगासागर मेले की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ई- दर्शन किए। इनमें भारत के विभिन्न प्रांतों के अलावा नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, म्यांमार, मारीशस, संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन, रूस समेत अन्य देशों के लोग शामिल थे।
इसी तरह राज्य सरकार की तरफ से आनलाइन भेजे गए किट के जरिए 2.88.960 लोगों ने ई-स्नान किया और 1,19, 662 लोगों ने ई- पूजा की। डिजिटल प्लेटफार्म को लोगों द्वारा इस स्तर पर तवज्जो दिए जाने से गंगासागर मेले का मुख्य प्रबंधक दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन बेहद उत्साहित है। जिलाधिकारी डा पी उलागानाथन ने कहा-' हमें इस बात की बेहद खुशी है कि कोरोना के इस दौर में हम इस तरह की व्यवस्था कर पाए, जो इतना सफल रहा।' इस बीच गंगासागर में पुण्य स्नान का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा।
इस दिन भी हजारों लोगों ने पुण्य स्नान किया। शुक्रवार को करीब दो लाख लोगों ने पुण्य स्नान किया था। शनिवार को पुण्य स्नान का सिलसिला खत्म होने के तुरंत बाद जिला प्रशासन की ओर से सागर तट की सफाई का काम शुरू कर दिया गया। इसकी शुरुआत गंगासागर मेले के आयोजन का दायित्व प्राप्त राज्य के खेल व बिजली मंत्री अरूप बिश्वास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री पुलक राय, सुंदरवन विकास मंत्री बंकिम चंद्र हाजरा व जिलाधिकारी डा पी उलागानाथन ने की।