Bengal: कश्मीरी डॉक्टर को ब्लैकमेल करने के आरोप में चार गिरफ्तार
Kashmiri doctor. बंगाल में कश्मीरी डॉक्टर को ब्लैकमेल करने में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। Kashmiri doctor. उपचार कराने के बहाने घर बुलाकर जबरन एक कश्मीरी डॉक्टर के कपड़े उतरवा लिए गए। इसके बाद महिला के साथ उसकी निर्वस्त्र तस्वीरें खींचकर दस लाख रुपये नहीं देने पर फोटो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी गई। ब्लैकमेलिंग की रकम लेने के लिए दो लोग डॉक्टर के घर जा पहुंचे। डॉक्टर ने पांच लाख की नगदी व पांच लाख के गहने सौंप दिए। इससे पहले की आरोपित वहां से निकल पाते पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर महिला समेत दो और आरोपितों को दबोच लिया गया। कोर्ट से चारों आरोपितों को जमानत मिल गई।
सूत्रों के अनुसार, बीते शुक्रवार को दमदम इलाके से एक महिला ने कश्मीरी डॉक्टर को फोन पर सीने में दर्द होने की शिकायत की। साथ ही, घर आकर उपचार करने का आग्रह किया था। इसके बाद डॉक्टर ने महिला का उपचार कर दवा लिख दी। आरोप है कि तभी तीन लोग वहां पहुंचे गए और जबरन उसके कपड़े उतरवा दिए। इसके बाद महिला के साथ उसकी निर्वस्त्र तस्वीरें लेकर दस लाख की मांग कर दी। धमकी दी कि रुपये नहीं देने पर फोटो को सोशल मीडिया पर डाल दिया जाएगा। इस पर डॉक्टर ने अपने घर जाकर रुपये देने की बात कही।
इस पर दो आरोपित डॉक्टर के साथ ही उसके घर पहुंच गए। हालांकि इसी बीच डॉक्टर ने समझदारी दिखाते हुए पुलिस को भी सूचना दे दी थी। घर पहुंचकर डॉक्टर ने 5.15 लाख की नगदी तथा अपनी पत्नी के करीब पांच लाख के गहने आरोपितों को सौंप दिए। इससे पहले ही आरोपित नगदी व गहने लेकर वहां से निकल पाते पुलिस ने धावा बोलकर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर महिला समेत दो और आरोपितों को भी दबोच लिया गया। एक आरोपित के पास से पुलिस की यूनिफार्म भी बरामद की गई। वहीं, कोर्ट ने आरोपितों को जमानत पर रिहा कर दिया।