लालगोला पैसेंजर के महिला कोच से निकला धुंआ, अफरा तफरी
-शोर शराबा सुन चालक ने रोकी ट्रेन, यात्रियों को नीचे उतारा गया -धुबुलिया स्टेशन पर घंट
-शोर शराबा सुन चालक ने रोकी ट्रेन, यात्रियों को नीचे उतारा गया
-धुबुलिया स्टेशन पर घंटेभर रुकी रही ट्रेन, जांच के बाद हुई रवाना जागरण संवाददाता, कोलकाता : सियालदह आ रही लालगोला पैसेंजर ट्रेन के महिला कोच से अचानक धुंआ निकलने से अफरा तफरी मच गई। शोर शराबा सुन चालक ने तत्काल ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को कोच से उतार कर अग्निशमन उपकरण से धुंए पर नियंत्रण करा गया। उधर, एहतियातन धुबुलिया स्टेशन पर दमकल की गाड़ी को भी बुला लिया गया। करीब घंटेभर जांच पड़ताल के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। गनीमत रही की धुएं पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूत्रों के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे 53178 डाउन लालगोला-सियालदह पैसेंजर के नदिया जिला अंतर्गत धुबुलिया स्टेशन पर प्रवेश करने से पहले इंजन के पीछे महिला कोच से अचानक सफेद धुंआ निकलने लगा। किसी अनहोनी की आशंका के चलते यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। शोर शराबा सुन चालक ने ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को कोच से नीचे उतार कर फायर उपकरण से धुएं पर नियंत्रण पाया। साथ ही घटना से रेल अफसरों को भी अवगत करा दिया गया। रेल प्रशासन ने दमकल की एक गाड़ी को भी बुला लिया। इसके बाद धुबुलिया स्टेशन पहुंची ट्रेन के कोच की दमकल कर्मियों ने जांच पड़ताल की। शार्ट सर्किट से धुंआ निकलने का अनुमान लगाया गया। दोपहर करीब एक बजे के बाद ट्रेन को सियालदह के लिए रवाना किया गया। रेल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।