बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन के चलते थमा जनजीवन, वीरान रही सड़कें, ट्रेनें भी रहीं रद, कुछ जिलों में हुआ उल्लंघन
कोलकाता सहित अधिकतर जिलों में पूर्ण लॉकडाउन का सख्ती से पालन हुआ। सभी दुकान बाजार सरकारी और निजी कार्यालय बंद रहे। कोलकाता एयरपोर्ट से विमानों की भी आवाजाही नहीं हुई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये लागू पूर्ण लॉकडाउन के कारण गुरुवार को कोलकाता सहित राज्यभर में आम जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं राज्य के कुछ जिलों में लॉकडाउन पाबंदियों के उल्लंघन के मामले भी सामने आए। हालांकि कोलकाता सहित अधिकतर जिलों में लॉकडाउन का सख्ती से पालन किया गया। लॉकडाउन के चलते आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी निजी सार्वजनिक परिवहन, सरकारी और निजी कार्यालय, बैंक तथा अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
कुछ जरूरी सेवाएं दवा की दुकानें, स्वास्थ्य केन्द्र और पेट्रोल पंप खुले रहे
कोलकाता व बागडोगरा हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन भी पूरी तरह बंद रहा जबकि लंबी दूरी की ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया था। इसके अलावा जलयान सेवाएं भी बंद रहीं। पूर्ण लॉकडाउन के कारण राज्यभर में अधिकतर लोगों के घरों में रहने से सुबह से देर रात तक सड़कें वीरान नजर आई। लॉकडाउन के दायरे से बाहर रखी गईं कुछ जरूरी सेवाएं जैसे दवा की दुकानें और स्वास्थ्य केन्द्र खुले रहे। पेट्रोल पंपों को भी लॉकडाउन में खोले रखने की अनुमति थी।
राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू होने के बाद से स्कूल, कॉलेज व संस्थान बंद हैं
राज्य में मार्च में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन का पहला चरण लागू होने के बाद से स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान पहले से बंद हैं। बताते चलें कि बंगाल सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिये 20 जुलाई को द्वि-साप्ताहिक पूर्ण लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की थी जिसके तहत गुरुवार को पाबंदियां लागू की गईं हैं। राज्य में 31 अगस्त को भी पूर्ण लॉकडाउनन रहेगा। इससे पहले इस महीने 5,8,20 व 21 अगस्त को राज्यव्यापी लॉकडाउन लागू किया गया था।
कोलकाता सहित सभी जिलों में हर चौराहों पर पूरी तरह मुस्तैद दिखी पुलिस
पूर्ण लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए कोलकाता और अन्य जिलों में प्रमुख चौराहों व सड़कों पर पुलिसकर्मी काफी मुस्तैद दिखे, ताकि लोगों को बेवजह घरों से निकलने से रोका जा सके। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आई। जगह-जगह नाका चेकिंग व बैरिकेड भी लगाए गए थे।बिना वैध कारण के सड़कों पर पैदल या वाहन लेकर निकलने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी गई और पूछताछ की गई। जरूरी कारण नहीं बताने पर वाहन जब्त करने के साथ पूरे राज्य भर से बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां की गई।
लॉकडाउन का उल्लंघन करने में कोलकाता से 1100 से ज्यादा लोग गिरफ्तार
लॉकडाउन संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर कोलकाता पुलिस ने महानगर के विभिन्न स्थानों से गुरुवार को 1100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारियां शाम 6 बजे तक की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इनमें 768 लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया गया एवं उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं, 348 लोगों को मास्क नहीं लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 29 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के आरोप में पकड़ा गया।इसके अलावा पुलिस ने 17 वाहनों को जब्त किया।