West Bengal : कोलकाता नगर निगम के चुनाव में उम्मीदवारी को लेकर भाजपा में मतभेद
कोलकाता नगर निगम के चुनाव के लिए उम्मीदवारी तय करने को लेकर प्रदेश भाजपा में मतभेद पैदा हो गया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। कोलकाता नगर निगम के चुनाव के लिए उम्मीदवारी तय करने को लेकर प्रदेश भाजपा में मतभेद पैदा हो गया है। सूत्रों के अनुसार पार्टी का एक वर्ग निगम चुनाव में टॉलीवुड के अभिनेता-अभिनेत्रियों तथा अन्य नए चेहरों को उम्मीदवार बनाना चाहता हैं जबकि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकुल राय पार्टी के अनुभवी एवं जाने-पहचाने चेहरों को उम्मीदवारी देने के पक्ष में हैं। इस मुद्दे पर पार्टी में मतभेद उत्पन्न हुआ है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में तृणमूल ने देव, मिमी एवं नुसरत को उम्मीदवार बनाया था। इन तीनों ने जीत भी हासिल की। तब विषम परिस्थितियों में भाजपा ने भी सेलिब्रिटी लॉकेट चटर्जी को उम्मीदवार बनाया था और उन्होंने भी चुनाव में सफलता हासिल की। हुगली से सांसद व प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट आज भाजपा में महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। लोकसभा चुनाव के बाद पर्णो मित्र, अंजना बसु, सौमिता गुप्त, विश्र्वजीत गंगोपाध्याय, अ¨रदम हालदार (लामा), ऋषि कौशिक, कांचना मैत्र, रूपांजना मैत्र सहित टॉलीवुड के अन्य अभिनेता-अभिनेत्रियां भाजपा में शामिल हुई।
इन सेलिब्रिटियों को भाजपा का एक वर्ग कोलकाता नगर निगम के चुनाव में उम्मीदवार बनाना चाहता है। सभी 144 वार्डो में से 15-16 वार्डो में उन्हें उम्मीदवार बनाने को लेकर विमर्श भी चल रहा है, लेकिन इसे लेकर पार्टी में मतभेद शुरू हो गया है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या इन हस्तियों को लेकर निगम चुनाव में भाजपा को सफलता मिलेगी?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी के एक वर्ग के विचारों से मुकुल राय सहमत नहीं हैं। वे चाहते हैं कि 2011 में जिस तरह तृणमूल को कोलकाता नगर निगम के चुनाव में जीत दिलवाई थी, उसी फॉर्मूले पर इस बार भाजपा को सफलता दिलाना चहते हैं। तब मुकुल के सुझाव पर तृणमूल ने फिरहाद हकीम, शोभन चटर्जी एवं पार्थ चटर्जी जैसे कद्दावर नेताओं को निगम चुनाव में उम्मीदवार बनाया था। उसी फार्मूले पर मुकुल अब भाजपा को जीत दिलाना चाहते हैं। उनके अनुसार मतदाता नए चेहरे से अधिक बड़े नामों पर भरोसा करते हैं इसलिए भाजपा को भी इसी मार्ग पर चलना चाहिए।