तमाम अटकलों के बावजूद 23 को पीएम मोदी और 30 को अमित शाह आ रहे हैं बंगाल
दिल्ली से लौटने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने दी जानकारी। कार्यक्रम को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। शाह ठाकुरनगर में एक सभा कर सकते हैं। बंगालियों के सम्मान के केंद्रों पर जाएंगे। वह विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से बात करेंगे। पार्टी के कार्यक्रम में शायद शामिल हों।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जनवरी और 30-31 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के दौरे पर आ रहे हैं। लंबे समय से चल रही अटकलों के बावजूद राज्य भाजपा ने शनिवार को दोनों शीर्ष नेताओं के कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ एक बैठक करने के बाद लौटे राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को कहा कि पीएम मोदी एक सरकारी समारोह में भाग लेने के लिए सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन पर कोलकाता पहुंच रहे हैं। खबर है कि उस दिन पार्टी वर्चुअल माध्यम से बूथ स्तर पर मोदी के भाषण को प्रसारित करने की योजना बनाई है।
कार्यक्रम को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा
हालांकि, पार्टी को अभी तक मोदी के अन्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। दिलीप ने यही भी कहा कि 30-31 जनवरी को अमित शाह भी आएंगे और उनके कार्यक्रम को बहुत जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा।
शाह ठाकुरनगर में एक सभा कर सकते हैं
भाजपा सूत्रों के अनुसार, संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) को अब तक लागू नहीं होने से मतुआ समुदाय नाराज है। उनका नाराजगी दूर करने के लिए शाह ठाकुरनगर में एक सभा कर सकते हैं। साथ ही वहां से नवद्वीप मायापुर भी जा सकते हैं।
बंगालियों के सम्मान के केंद्रों पर जाएंगे
वह बंगालियों के सम्मान के विभिन्न केंद्रों पर जाएंगे। दिसंबर में अमित शाह की बंगाल यात्रा के दौरान कई कद्दावर नेताओं ने तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, जिसमें सुवेंदु अधकारी भी शामिल थे।
वह विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से बात करेंगे
इसके अलावे 9 विधायक, 1 सांसद और 1 पूर्व सांसद थे। दिलीप ने कहा कि अमित शाह जी के इस दौरे में भी कई लोग शामिल हो सकते हैं। दो दिवसीय यात्रा के दौरान वह विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से बात करेंगे।
पार्टी के कार्यक्रम में शायद ही शामिल हों
यह भी पता चला है कि वह राज्य में चल रहे भाजपा के किसान सुरक्षा अभियान में भी शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, 23 जनवरी को मोदी जरूर आ रहे हैं लेकिन पार्टी के कार्यक्रम में शायद ही वह शामिल हों।
कार्यक्रम कोलकाता में शुरू करेंगे पीएम
केंद्र सरकार 23 जनवरी को सुभाष चंद्र बोस की 125 वीं जयंती मनाएगी जिसके कार्यक्रम का शुभारंभ कोलकाता में पीएम मोदी करेंगे। हालांकि, मोदी का कार्यक्रम आधिकारिक है, लेकिन भाजपा राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस दौरे का इस्तेमाल करना चाहती है।