West Bengal :कोलकाता में मकान की छत से मिला युवक का नरकंकाल, हत्या के आरोप में मां और छोटा भाई गिरफ्तार
प्राथमिक तौर पर अनुमान है कि पहले अर्जुन की जलाकर हत्या की गई। उसके बाद शव को छत पर ले जाकर छिपा दिया गया। गीता ने अपने बड़े बेटे की हत्या क्यों की पुलिस उससे पूछताछ कर इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। साल्टलेक के एक मकान की छत से पुलिस ने एक युवक का नरकंकाल बरामद किया है। हत्या के आरोप में मृतक की मां और छोटे भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक साल्टलेक के एजे ब्लाक के 226 नंबर मकान में महेंदसरिया परिवार रहता था। परिवार में घर के मालिक अनिल, उनकी पत्नी गीता, दो बेटे अर्जुन और विदुर और बेटी वैदेही थे। पिछले डेढ़ वर्षों से अनिल और गीता में अनबन चल रही थी, जिसके कारण अनिल ने पिछले साल के मध्य से राजारहाट के एक फ्लैट में जाकर रहना शुरू कर दिया था।
अनिल ने बताया कि उन्हें गत 29 अक्टूबर को गीता ने फोन करके बताया कि वह तीनों बच्चों के साथ रांची में अपने पिता के घर जा रही है। इसके बाद अनिल ने कई बार अपने बड़े बेटे अर्जुन से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो पाई। इसके बाद जब उन्होंने अपने ससुराल में संपर्क किया तो पता चला कि अर्जुन वहां नहीं है। आशंकित होकर उन्होंने विधाननगर पुलिस थाने में बड़े बेटे के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामले की जांच में उतरी पुलिस ने गीता से संपर्क किया और उन्हें कोलकाता बुलाया। गीता गत गुरुवार को रांची से कोलकाता पहुंची। इसके बाद पुलिस उसके साल्टलेक स्थित मकान में गई। तलाशी लेने पर छत से एक युवक का नरकंकाल बरामद हुआ।
यह नरकंकाल 25 साल के अर्जुन का बताया जा रहा है। हत्या के आरोप में गीता और उसके छोटे बेटे विदुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित मां ने अपने सभी बच्चों को मायके ले जाने की कही थी झूठी बात। प्राथमिक तौर पर अनुमान है कि पहले अर्जुन की जलाकर हत्या की गई। उसके बाद शव को छत पर ले जाकर छिपा दिया गया। गीता ने अपने बड़े बेटे की हत्या क्यों की, पुलिस उससे पूछताछ कर इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है।