दंपति ने गंगा में लगाई छलांग, पति की मौत; पत्नी की हालत गंभीर
death of husband. कोलकाता में दंपति ने गंगा में छलांग लगा दी। पति की मौत हो गई और पत्नी की हालत गंभीर है।
कोलकाता, जेएनएन। कोलकाता के बागबाजार से हावड़ागामी लंच पर सवार एक वृद्ध दंपति अचानक बीच गंगा नदी में कूद पड़े। उनके नदी में छलांग लगाने के तत्काल बाद लंच चालक दल के कर्मचारियों ने उन्हें बचाने के लिए तत्काल तत्परता दिखाई और नदी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया। हालांकि इस बीच पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को गंभीर अवस्था में हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पति का नाम तापस कुमार दत्ता (74)है। वहीं पत्नी का नाम श्लोका दत्ता (65) है। दोनों उत्तर 24 परगना के रथतला इलाके के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर दोनों बागबाजार-हावड़ा रूट के लंच पर सवार हुए। लंच के बीच गंगा में पहुंचने पर वृद्ध दंपति अचानक नदी में कूद पड़े। हालांकि तत्काल उन्हें बचाने को लंच के कर्मचारी नदी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया। इस दौरान वृद्ध की मौत हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने इसकी पुष्टि की। हालांकि वृद्धा की हालत गंभीर है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक वृद्धा की हालत नाजुक बनी हुई है। इधर, पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वृद्ध दंपति का एक बेटा है। हालांकि वो अपने मां-बाप का ख्याल नहीं रखता है। इसे लेकर आए दिन परिवार में विवाद होता रहता था। आरोप है कि बेटे की इस बेरुखी से परेशान वृद्ध दंपति ने उक्त कदम उठाया है। दंपति ने खुदकशी करने की कोशिश की थी। हालांकि घटना में पत्नी बाल-बाल बच गई।