Dctors Day 2019 : पश्चिम बंगाल में एक जुलाई डॉक्टर्स डे पर आधे दिन की छुट्टी का एलान
Dctors Day 2019 डॉक्टर्स डे पर राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को आधे दिन की छुट्टी देने की घोषणा की है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। आगामी एक जुलाई, सोमवार को सप्ताह शुरू होने के पहले दिन ही उन्हें आधे दिन की छुट्टी मिलेगी। डॉक्टर्स डे पर राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को आधे दिन की छुट्टी देने की घोषणा की है।
बुधवार को राज्य सचिवालय नवान्न द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ विधान चंद्र राय के जन्मदिन के मौके पर एक जुलाई को सभी विभागों में आधे दिन की छुट्टी रहेगी। दोपहर 2 बजे के बाद कोई काम नहीं होगा।
उल्लेखनीय है कि बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री व महान चिकित्सक रहे विधान चंद्र राय के जन्मदिन एक जुलाई को देशभर में डॉक्टर्स डे (चिकित्सा दिवस) के रूप में मनाया जाता है।
क्यों मनाते हैं डॉक्टर्स डे
कहते हैं डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं और भगवान के इसी अवतार के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए लोग धरती पर डॉक्टर्स डे मनाते हैं। भारत में डॉक्टर्स डे जुलाई महीने की हर पहली तारीख को मनाया जाता है।
भारत के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विधान चन्द्र रॉय को श्रद्धांजलि और सम्मान देने के लिए हर एक जुलाई को चिकित्सक दिवस मनाया जाता है।1991 में भारतीय सरकार द्वारा डॉक्टर दिवस की स्थापना हुई थी। 4 फरवरी 1961 में डॉ. विधान चन्द्र रॉय भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजे गए। उनका जन्म 1 जुलाई 1882 को बिहार के पटना में हुआ था। महान फिजिशियन डॉक्टर बिधान चंद्र रॉय पं. बगाल के दूसरे मुख्यमंत्री थे। खास बात यह है कि उन्हें उनकी दूरदर्शी नेतृत्व के लिए पं. बंगाल राज्य का आर्किटेक्ट भी कहा जाता था। रॉय साहब ने अपनी डॉक्टरी की डिग्री कलकत्ता से पूरी की और 1911 में भारत लौटने के बाद अपनी एमआरसीपी और एफआरसीएस की डिग्री लंदन से पूरी की और उसी वर्ष से भारत में एक चिकित्सक के रुप में अपने चिकित्सा जीवन की शुरुआत की।
दूसरे देशों में डॉक्टर्स डे
दुनिया के दूसरे देशों में डॉक्टर्स डे अलग- अलग दिन मनाया जाता है। जैसे अमेरिका में 30 मार्च को मनाया जाता है जो कि इससे पहले 9 मई को मनाया जाता था। ठीक इसी तरह क्यूबा, ईरान में भी यह दिन अलग-अलग तारीक को मनाया जाता है। इस दिन देशभर में लोग एक दूसरे को ग्रीटिंग, संदेश और मैसेज भेजकर डॉक्टर्स का अभिवादन करते हैं। इतना ही नहीं मेडिकल स्टूडेंट्स को बढ़ावा देने के लिए स्कूल औक कॉलेज में कई तरह के मेडिकल प्रोग्राम भी रखे जाते हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप