रेस्तरां के खाने में निकला तिलचंट्टा, खाकर बीमार पड़ी महिला
प्रगति मैदान थाना इलाके में स्थित चाइना पर्ल बार एंड रेस्टोरेंट के खाने में तिलचंट्टा निकलने के बाद शुक्रवार रात जमकर हंगामा हुआ।
-फ्राइड राइस में पड़ा था तिलचंट्टा
-रेस्तरां मैनेजर सहित दो गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, कोलकाता : प्रगति मैदान थाना इलाके में स्थित चाइना पर्ल बार एंड रेस्टोरेंट के खाने में तिलचंट्टा निकलने के बाद शुक्रवार रात जमकर हंगामा हुआ। खाना खाकर एक महिला बीमार हो गई। उसका नाम सतरूपा दास है। सतरूपा के पति की शिकायत पर पुलिस ने रेस्तरां के मैनेजर नंद दास (35) और सर्विस ब्वाय सौमित्र जाना (28) को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उस पकवान को भी जब्त कर लिया है, जिसमें तिलचंट्टा मिला है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात 8 बजे के करीब जादवपुर के रहने वाले रजत पाल (30) पत्नी व सात अन्य लोगों के साथ उक्त रेस्तरां में गए थे। उन्होंने मैनेजर को खाने का आर्डर दिया। सर्विस ब्वाय ने फ्राइड राइस समेत अन्य खाना परोसा। सतरूपा ने कुछ निवाले ही खाए थे कि उसमें तिलचंट्टा दिखा। उसे उल्टियां होने लगी। इसके बाद रेस्तरां में हंगामा मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सतरूपा को अस्पताल पहुंचाया। बाद में महिला के पति ने प्रगति मैदान थाने जाकर इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने खाना का आर्डर लेने वाले मैनेजर, सर्विस ब्वाय और रेस्तरां मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस रेस्तरां मालिक को तलाश रही है।