रक्त के लिए अब नहीं खानी होगी दर-दर की ठोकरें, जीवन शक्ति एप से मरीजों को मिलेगा ‘जीवन’
इस एप्प में राज्य के सभी जिलों में स्थित ब्लड बैंक से संबधित तमाम जरूरी जानकारियां उपलब्ध होंगी। साथ ही किसी ब्लड बैंक में किस ग्रुप का ब्लड उपलब्ध है, इसकी भी विस्तृत जानकारी होगी।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। आपातकालीन स्थिति में मरीज को ब्लड की जरूरत अनिवार्य रूप से पड़ती है। ब्लड की इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए मरीज के परिवार समेत चिकित्सकों को भी हमेशा से ही परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। ब्लड की उपलब्धता के बारे में निश्चित व स्थापित जानकारी के अभाव में दर-दर की ठोकरें खाने को लोगों को विवश होना पड़ता है। मरीजों की इसी परेशानी को दूर करने के लिए राज्य सरकार ‘जीवन शक्ति’ नामक मोबाइल एप पर काम कर रही है। जल्द ही इस सेवा को चालू भी कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस एप्प में राज्य के सभी जिलों में स्थित ब्लड बैंक से संबधित तमाम प्रकार की जरूरी जानकारियां उपलब्ध होंगी। साथ ही किसी ब्लड बैंक में किस ग्रुप का ब्लड उपलब्ध है, इसकी भी विस्तृत जानकारी होगी।
इस एप को गूगल प्ले पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। एप्प को ओपन करने पर पहले बंगाल का मानचित्र दिखेगा। इसके बाद जिला स्तर पर उपलब्ध ब्लड बैंक की सूची दिखेगी। अपने सुविधानुसार ब्लड बैंक के आगे क्लिक करने पर उस ब्लड बैंक में उपलब्ध ब्लड ग्रुप व इससे जुड़ी तमाम प्रकार की जानकारी विस्तृत रूप में मोबाइल फोन की स्क्रीन पर आ जाएगी। यहां तक की कौन-कौन से ग्रुप की कितनी यूनिट ब्लड उपलब्ध है, इसकी भी विस्तृत जानकारी मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि ‘जीवन शक्ति’ नामक इस एप में फिलहाल कुल 82 ब्लड बैंकों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। वर्तमान में इस एप्प में राज्य के ब्लड बैंकों की सूची ही उपलब्ध होगी । हालांकि भविष्य में इसकी सीमा को और विस्तार रूप दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ब्लड डोनर इस एप में अपना नाम भी दर्ज करवा सकते हैं।
जीवन शक्ति’ एप से मरीजों को मिलेगा ‘जीवन’
मोबाइल एप्प पर उपलब्ध होगी ब्लड बैंक से जुड़ी तमाम जानकारियां
एप्प को जल्द लांच करेगा राज्य का स्वास्थ्य विभाग