बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म, टीएमसी पर लगा आरोप
भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना हावड़ा के बागनान थाना इलाके में शनिवार रात की है। इसका आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पांच स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं पर लगा है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से जारी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना हावड़ा के बागनान थाना इलाके में शनिवार रात की है। इसका आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पांच स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं पर लगा है। आरोप है कि 34 वर्षीय महिला को बांधकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि बाकी तीन फरार बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों के नाम कुतुबुद्दीन मलिक व देवाशीष राणा हैं। दोनों तृणमूल के स्थानीय नेता बताए जा रहे हैं। सोमवार को दोनों को उलबेरिया अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पीड़िता थी घर में थी अकेली
शनिवार रात पीड़िता घर में अकेली थी। पति काम के सिलसिले में कोलकाता आये थे। आरोप है कि रात करीब साढ़े बारह बजे पांच लोग भाजपा कार्यकर्ता के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। पत्नी ने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही सभी घर के अंदर घुसे और सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता अचेत होकर पड़ी थी। रविवार सुबह घर पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ता को घटना की जानकारी मिली। पीड़िता को अस्पताल में दाखिल कराया गया। पीड़िता के पति ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उनके बूथ से भाजपा को बढ़त मिली थी।यही कारण है कि तृणमूल नेताओं ने वारदात को अंजाम दिया। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव है। भाजपा ने इस घटना की निंदा करते हुए तृणमूल को घेरा है। साथ ही पुलिस पर शुरू में शिकायत दर्ज करने में आनाकानी का भी आरोप लगाया। हालांकि तृणमूल ने इस घटना से इन्कार किया है।
अमित मालवीय ने टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा के आइटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने इस घटना को लेकर टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बंगाल में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मालवीय ने ट्वीट कर कहा, ' टीएमसी विरोधियों को चुप कराने के लिए दुष्कर्म को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है।'