बंगाल में कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने निकाला मौन मोमबत्ती जुलूस
बंगाल में भाजयुमो के नवान्न चलो अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज व बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के विरोध में प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को कोलकाता में मौन मोमबत्ती जुलूस निकाला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में प्रदेश मुख्यालय से गांधी मूर्ति तक शाम में यह जुलूस निकाला गया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में भाजयुमो के राज्य सचिवालय 'नवान्न' चलो अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज व बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के विरोध में प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को कोलकाता में मौन मोमबत्ती जुलूस निकाला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में प्रदेश मुख्यालय से गांधी मूर्ति तक शाम में यह जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं सहित कई प्रमुख नेता इस मौन जुलूस में शामिल हुए। खासकर बड़ी तादाद में महिला कार्यकर्ता इसमें मौजूद रहीं। सभी लोग अपने हाथों में मोमबत्ती लिए हुए थे।
West Bengal: BJP workers hold a candlelight vigil in Kolkata against the state government and alleged killing of its party workers. pic.twitter.com/fdRK3IcW3a
— ANI (@ANI) October 9, 2020
मौन जुलूस के माध्यम से उन्होंने राज्य सरकार व पुलिस के खिलाफ अपना विरोध जताया। इस दौरान दिलीप घोष ने कहा कि पार्टी की युवा इकाई भाजयुमो द्वारा गुरुवार को शांतिपूर्वक तरीके से निकाले गए नवान्न अभियान के दौरान पुलिस ने जिस बर्बरता के साथ कार्यकर्ताओं की पिटाई की और उन पर हमला किया इसका हम कड़ा प्रतिवाद करते हैं। बता दें कि नवान्न अभियान के दौरान गुरुवार को कोलकाता व हावड़ा कई घंटों तक रणक्षेत्र बना रहा। पुलिस ने इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार, आंसू गैस के इस्तेमाल के साथ जमकर लाठियां भांजी, जिसमें 1500 से अधिक कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा किया गया है। भाजपा का आरोप है कि पुलिस के साथ गुंडों ने उन पर पथराव भी किया और देसी बम फेंके।