West Bengal: उत्तर 24 परगना में बदमाशों के हमले में जख्मी भाजपा कार्यकर्ता की मौत
उत्तर 24 परगना के जगदल के बाद अब भाटपारा में बदमाशों के हमले में जख्मी एक भाजपा कार्यकर्ता कि शनिवार देर रात मौत हो गई। पार्टी का आरोप है कि तृणमूल समर्थित बदमाशों ने उस पर हमला किया था जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। उत्तर 24 परगना के जगदल के बाद अब भाटपारा में बदमाशों के हमले में जख्मी एक भाजपा कार्यकर्ता कि शनिवार देर रात मौत हो गई। पार्टी का आरोप है कि तृणमूल समर्थित बदमाशों ने उस पर हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृत कार्यकर्ता का नाम वीरेंद्र साव (44) है। वह कांकीनाड़ा के 11 नंबर गली का रहने वाला था।
बताया जाता है कि सप्तमी के दिन घर के पास ही वह बैठा था। उसी दौरान बदमाशों ने आकर हमला कर दिया। वह जूट मिल में ठेकेदारी का काम करता था। परिवार वालों का आरोप है कि भाजपा का समर्थन करने के कारण ही उस पर पर हमला कर जान ले ली गई। मृतक के परिजन का यह भी कहना है कि भाजपा करने के कारण ही गत 10 अक्टूबर को पहले बमबाजी के झूठे आरोप में उसे जेल भेजा गया था। सप्तमी के दिन ही वह जेल से छूट कर आए थे और घर के पास ही बैठे थे, तभी तृणमूल समर्थित बदमाशों ने आकर रिवाल्वर की बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सिर पर चोट लगने के कारण मानसिक बीमार भी हो गए थे।
कल्याणी के एक होम में रखकर इलाज चल रहा था। शनिवार रात हालत बिगड़ने पर कल्याणी के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मालूम हो कि हाल में उत्तर 24 परगना के जगदल में कथित तौर पर तृणमूल समर्थित बदमाशों के हमले में जख्मी एक भाजपा कार्यकर्ता मिलन हलदर की भी 28 अक्टूबर को मौत हो गई थी। इसे लेकर भी तृणमूल कांग्रेस पर हत्या का आरोप लगाया गया है। हालांकि दोनों ही मामलों में तृणमूल ने आरोपों को खारिज किया है।