भाजपा ने किया बोरो कार्यालय का घेराव
जागरण संवाददाता हावड़ा हावड़ा नगर निगम प्रशासन पर प्रशासकीय निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए श
जागरण संवाददाता, हावड़ा : हावड़ा नगर निगम प्रशासन पर प्रशासकीय निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को जिला भाजपा की ओर से मंदिरतला इलाके में प्रदर्शन किया गया। वहीं छह नबर बोरो कार्यालय के समक्ष घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान पुलिस व भाजपा समर्थकों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई है। भाजपा ने निगमायुक्त बिजन कृष्ण से उनकी प्रशासनिक विफलता के लिए उनसे इस्तीफे की मांग की।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को बेताइतला इलाके में पहले एक जनासभा की गई, जिसे भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। तत्पश्चात एक रैली निकाली गई, जिसमें काफी संख्या में भाजपा समर्थक शामिल रहे। विभिन्न इलाकों से होते हुए रैली छह नबर बोरो कार्यालय पहुंची और वहां पार्टी समर्थक विरोध करने लगे।
भाजपा ने आरोप लगाया कि निगम की प्रशासनिक विफलता के कारण हावड़ा में अव्यवस्था का माहौल है। डेंगू से अबतक हावड़ा में कई लोगों की मौत हो चुकी है। नियमित सफाई के अभाव में शहर में मच्छरों का आतंक व्याप्त है। इसके कारण डेंगू जैसी घातक बीमारी से लोग पीड़ित हो रहे हैं और इससे उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
वहीं निकासी, जलापूर्ति, सड़कों के हालात समेत अन्य मूलभूत सेवाओं की स्थिति बेहद सोचनीय है।
इस बाबत भाजपा महिला नेता पारोमिता बनर्जी ने कहा कि निगम मूलभूत सेवाएं देने में विफल रहा है। हावड़ा में डेंगू का आतंक है। एकाधिक इलाके में अधिकांश लोग डेंगू से पीड़ित हैं। वहीं डेंगू से कई लोगों की मौत हो गई है। शहर में सफाई कि स्थिति बदहाल है। उन्होंने निगमायुक्त बिजन कृष्ण से उनकी विफलता पर उनके इस्तीफे की मांग की।