बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष की कार पर हमला
बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीष घोष की कार पर अज्ञात बदमाशों ने हमला किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बांकुड़ा जिले के खतरा में बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीष घोष की कार पर बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने हमला किया। भाजपा ने हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ बताया है। यह घटना उस समय हुई, जब इलाके के एक पार्टी कार्यकर्ता के घर पर रात्रिभोज करने के बाद घोष अपने होटल लौट रहे थे।
घोष ने बताया-'रात को कुछ बदमाशों ने मेरी कार पर पत्थर फेंके।' वे भाजपा को अपशब्द कह रहे थे।' घोष ने बाद में थाने में शिकायत दर्ज कराई। भाजपा ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले बदमाशों का तृणमूल से संबंध हैं। दूसरी ओर बांकुड़ा जिला तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने आरोप को 'आधारहीन' करार देते हुए कहा कि यह हमला प्रदेश भाजपा के अंदरुनी कलह का नतीजा है। इसका सत्तारूढ़ दल से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है।
दूसरी तरफ, नादिया जिले के चकदह में एक बैठक में भाग लेने जा रहे भाजपा के पूर्व विधायक शमिक भट्टाचार्य की कार पर बुधवार को अज्ञात लोगों ने हमला किया था। यही नहीं, त्रिपुरा से आए भाजपा नेता की कार पर भी हमला किए जाने का आरोप तृणमूल पर लगा है। वहीं, मंगलवार रात पूर्व मेदिनीपुर जिले में एक भाजपा नेता के घर पर बमबाजी भी की गई।