Bengal Assembly Elections: बंगाल चुनाव में पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को स्टार प्रचारक के रूप में उतारने की तैयारी में भाजपा
बंगाल से गहरा नाता है गंभीर का उन्हीं की कप्तानी में केकेआर ने दो बार जीता आइपीएल का खिताब बंगाल के युवाओं के बीच हैं काफी लोकप्रिय।विधानसभा चुनाव के प्रचार में भाजपा पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर को स्टार प्रचारक के रूप में उतारने की तैयारी कर रही है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार में भाजपा पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर को स्टार प्रचारक के रूप में उतारने की तैयारी कर रही है। गंभीर का बंगाल से गहरा नाता है। वे लंबे समय तक कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान रहे हैं। उनकी कप्तानी में ही केकेआर ने दो बार आइपीएल का खिताब भी जीता था। गंभीर वर्तमान में भाजपा सांसद हैं।
सूत्रों ने बताया कि गंभीर के कोलकाता समेत पूरे बंगाल में बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं। गंभीर ने कुछ मैचों में भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी भी की है। वे केकेआर के सबसे सफल कप्तान भी रहे हैं। गंभीर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और कप्तानी के लिए जाने जाते थे। बंगाल भाजपा का मानना है कि गंभीर के चुनाव प्रचार के लिए बंगाल आने पर पार्टी को काफी फायदा हो सकता है। वे बंगाल के युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं और उनके वोटबैंक को प्रभावित कर सकते हैं। बंगाल भाजपा की ओर से इस बाबत पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से अनुरोध किया गया है। केंद्रीय नेतृत्व इसपर गंभीरता से विचार कर रहा है।
सूत्रों से पता चला है कि गंभीर भाजपा के लिए कश्मीर में भी चुनाव प्रचार करेंगे। गौरतलब है कि भाजपा टीम इंडिया के पूर्व कप्तान व भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली को भी मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के खिलाफ सीधे तौर पर उतारने की कोशिशों में लगी हुई है, हालांकि सौरव ने साफ तौर पर कह दिया है कि फिलहाल उनकी राजनीति में आने की कोई योजना नहीं है। सौरव के ममता बनर्जी से काफी अच्छे संबंध हैं। उनके बंगाल क्रिकेट संघ का अध्यक्ष बनने में ममता की अहम भूमिका रही है, वहीं भाजपा से भी सौरव के काफी अच्छे ताल्लुकात हैं। उनके बीसीसीआइ अध्यक्ष बनने में केंद्रीय गृह मंत्री व भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह का हाथ बताया जाता है।