Move to Jagran APP

प्रदेश अध्यक्ष पर हमले के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपाई

देश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष एवं नेता जय बनर्जी पर हुए हमले के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राज्यभर में प्रदर्शन किया।

By Edited By: Published: Tue, 20 Nov 2018 02:47 AM (IST)Updated: Tue, 20 Nov 2018 11:52 AM (IST)
प्रदेश अध्यक्ष पर हमले के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपाई
प्रदेश अध्यक्ष पर हमले के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपाई

जागरण संवाददाता, कोलकाता । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष एवं नेता जय बनर्जी पर हुए हमले के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राज्यभर में प्रदर्शन किया। इस दौरान महानगर सहित विभिन्न जिलों में जगह-जगह जुलूस निकाले गए एवं रास्ते जाम किए गए।

prime article banner

महानगर के बेहाला में शिमुतला मोड़ एवं मोमिनपुर चौराहे पर भाजपाइयों ने यातायात बाधित कर विरोध जताया। उत्तर कोलकाता जिला भाजपा की ओर से पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से जुलूस निकाला गया। जुलूस कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार की ओर जा रहा था, लेकिन पुलिस ने इस जुलूस को पहले ही विपिन बिहारी गांगुली स्ट्रीट में रोक दिया। जुलूस में जिला अध्यक्ष दिनेश पांडेय, मीना देवी पुरोहित सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।

उधर, हावड़ा में मध्य हावड़ा मंडल-3 भाजपा के अध्यक्ष बद्रीनारायण सिंह के नेतृत्व में दोपहर 2.30 के करीब जीटी रोड पर पथावरोध किया गया। मौके पर जिला भाजयुमो अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष एवं नेता जय बनर्जी पर हमला करने वाले लोगों की अविलंब गिरफ्तारी नहीं की गई तो युवा मोर्चा के कार्यकर्ता हावड़ा जिला को अचल कर देंगे। पुलिस के हस्तक्षेप से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीटी रोड से अवरोध हटाया। उधर, उत्तर हावड़ा में सुरेंद्र जैन के नेतृत्व में श्रीकुंज से जुलूस निकाला गया, जो टंडेल बागान, आइसी बोस लेन से होते हुए पंजाब लेन पहुंचा।

जुलूस में पार्षद गीता राय, भाजपा नेता उमेश राय सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे। उड़ियापाड़ा में भी पथावरोध किया गया। पथावरोध एवं जुलूस के दौरान भाजपाइयों ने हमले के विरोध में नारे लगाए। उल्लेखनीय है कि रविवार को हुगली जिलान्तर्गत चंडीतल्ला में आयोजित सभा से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष लौट रहे थे। तभी रास्ते में डानकुनी के करीब उन्हें लक्ष्य कर कुछ लोगों ने हमला किया। हालांकि वे सुरक्षा कर्मियों के कारण बच निकले, लेकिन पीछे से आ रहे पार्टी के नेता जय बनर्जी उस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के खिलाफ भाजपा ने सोमवार को राज्यभर में प्रदर्शन किया।

हुगली में निकला विरोध जुलूस

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नेता जय बनर्जी पर हुए हमले के विरोध मे भाजपा एवं उससे जुड़े तमाम संगठनों द्वारा सोमवार को जगह-जगह पथावरोध तथा कंडेल मार्च किया। इसी क्रम में भद्रेश्वर थाना अंतर्गत चापदानी के 12 नंबर वार्ड के खा पोखर इलाके के आरबी एस रोड पर भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा द्वारा पथावरोध किया गया। यह अवरोध एक घटे तक चला। मौके पर राज्य की नेत्री पल्ली घोष, दुर्गा वर्मा, जिला महिला मोर्चा की नेत्री पंपा अधिकारी, मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष गुड़िया चौधरी, अंजना चौधरी, आशा देवी, गायत्री सिंह, गौरी देवी, चापदानी मंडल अध्यक्ष देवराज यादव, भोला राय, श्रीरामपुर जिला सागठनिक के उपाध्यक्ष अशोक सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित हुए। अशोक सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री को वामपंथियों से सबक लेने की आवश्यकता है, जिसके उपद्रव से जनता ने उसे नकार दिया। ठीक उसी पथ पर दीदी के कैडर चल पड़े हैं। जनता सब देख रही है। अब ज्यादा दिन नहीं है। इनके भी पाप का घड़ा भर चुका है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.