बंगाल से भाजपा सांसद ने अमित शाह को पत्र लिखकर सीएए को जल्द लागू करने की मांग की
बंगाल से भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर ने राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू करने की मांग की है। ठाकुर उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव सीट से सांसद हैं और वे मतुआ संप्रदाय से आते हैं।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल से भाजपा के वरिष्ठ नेता सांसद शांतनु ठाकुर ने राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू करने की मांग की है। ठाकुर उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव सीट से सांसद हैं और वे मतुआ संप्रदाय से आते हैं।
केंद्र सरकार ने पिछले साल सीएए कानून पारित किया था। इस कानून के तहत बांग्लादेश, पाकिस्तान सहित अन्य देशों में अत्याचार का शिकार होकर भारत में आकर बरसों से शरणार्थी के रूप में रहे गैर अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करना है। इसमें मतुआ संप्रदाय भी है जो कई दशक पहले बांग्लादेश से बंगाल में आए थे। बंगाल में इनकी आबादी लाखों में है और राज्य के दर्जनों विधानसभा क्षेत्रों में इनका प्रभाव है। ऐसे में चुनाव से पहले भाजपा सांसद ने अब गृह मंत्री को पत्र लिखकर इस कानून को लागू करने की मांग की है। शांतनु ठाकुर ने बुधवार को कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सीएए को जल्द लागू करने की मांग की है।
अमित शाह का दौरा रद,अब नड़्डा आएंगे
17 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का सिलीगुड़ी दौरा रद हो गया है। उनके स्थान पर अब 19 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा सिलीगुड़ी आएंगे। इसकी जानकारी सिलीगुड़ी संगठनिक जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंहल ने दी है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कारणों से 17 के बदले 18 अक्टूबर को गृहमंत्री का प्रोग्राम किया जाना था। लेकिन जो जानकारी दी गई है,उसके अनुसार वह उत्तर बंगाल दौरे पर नहीं आ पाएंगे। जेपी नड्डा गृहमंत्री अमित शाह की तरह उत्तर बंगाल के सभी पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित कर विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करेंगे।
मालूम हो कि लोकसभा चुनाव के समय उत्तर बंगाल के छह जिलों की की जिम्मेदारी तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के जिम्मे थी। तब उन्होंने छह की छह लोकसभा सीट भाजपा की झोली में उत्तर बंगाल से डलवा दी थी। जेपी नड्डा के आगमन को लेकर भी भाजपा पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहले की तरह ही उत्साहित हैं।