Bengal Chunav 2021: भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने नाव के जरिए किया प्रचार, नदी किनारे रहने वालों से मांगा वोट
Bengal Chunav 2021 बंगाल के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी अपना प्रचार करने के हर तरीके अपनाते दिखाई दे रहे हैं। हुगली जिले की चुंचुड़ा विधानसभा सीट से प्रत्याशी लॉकेट चटर्जी ने सोमवार को नाव के जरिए प्रचार किया। नदी के किनारे रहने वाले लोगों से वोट मांगा।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी अपना प्रचार करने के हर तरीके अपनाते दिखाई दे रहे हैं। इस कड़ी में भाजपा सांसद और हुगली जिले की चुंचुड़ा विधानसभा सीट से प्रत्याशी लॉकेट चटर्जी ने सोमवार को नाव के जरिए प्रचार किया। हुगली नदी में एक नाव पर सवार होकर लॉकेट में नदी के किनारे रहने वाले लोगों से वोट मांगा।
भगवा झंडा बना और जय श्री राम लिखा मास्क पहनकर नाव में प्रचार कर रही लॉकेट चटर्जी ने कहा कि नाव में सवार होना बंगाल की संस्कृति को मजबूत करने का तरीका है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी गंगा नदी के विकास के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं, ऐसे में बंगाल में भाजपा की सरकार बनी तो इस अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
जय श्री राम का नारा पूरे देश का नारा है
जय श्री राम के नारे पर लॉकेट ने कहा कि, जय श्री राम का नारा भाजपा का नहीं बल्कि पूरे देश का नारा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को तुष्टीकरण की राजनीति करनी है इसलिए वो जय श्री राम को गाली समझती हैं। दीदी को बंगाल की जनता इस बार जवाब देगी। लॉकेट ने कहा कि हम सोनार बांग्ला के लिए सबसे ज़्यादा महिलाओं पर ध्यान दे रहे हैं। महिला मुख्यमंत्री होने का बावजूद महिलाओं का उद्धार नहीं हुआ। क्या लॉकेट सीएम प्रत्याशी भी हो सकती हैं, इसपर उन्होंने कहा कि अभी इसपर कुछ नहीं कहा जा सकता, ये पार्टी को तय करना है।
समर्थकों में महिलाएं भी शामिल थीं
लॉकेट चटर्जी के समर्थक भी उनके साथ नाव पर सवार थे। समर्थकों में महिलाएं भी शामिल थीं जो प्रचार के लिए बंगाली लोकगीत गा रही थीं। महिलाओं के समूह ने वंदे मातरम के अलावा कई बंगाली लोकगीत गाकर घाटों के आसपास रहने वाले लोगों को आकर्षित किया। कोलकाता से सटे हुगली जिले में हुगली लोकसभा के अलावा लोकसभा की दो सीटें और लगती हैं। हुगली जिले में विधानसभा की 18 सीटें हैं। ऐसे में भाजपा ने अपना चर्चित चेहरा लॉकेट चटर्जी को चुंचुड़ा से मैदान में उतारकर कोशिश की है कि इसका असर वो बाकी की 17 सीट पर भी डाल सके।