कांस्टेबल को धक्का देने वाला बाइक चालक गिरफ्तार
कोलकाता ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल को धक्का मारकर जख्मी करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपित के हाथ पर बने टैटू के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : कोलकाता ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल को धक्का मारकर जख्मी करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपित के हाथ पर बने टैटू के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। उसका नाम दानेश्वर झा (19) है। शनिवार को उसके टावर लोकेशन को ट्रैक कर उसे पंचानन ग्राम से गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि काफी दिनों से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपित से पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि एक जुलाई को सैयद आमिर अली एवेन्यू में ईस्ट ट्रैफिक गार्ड और करया थाना के पुलिस कर्मी संयुक्त रूप से अभियान चला रहे थे, तभी वहा से बिना हेलमेट पहने एक बाइक चालक तेजी से गुजर रहा था। पुलिस कर्मियों ने उसे रुकने को कहा, लेकिन उसने ऐसा नहीं करते हुए अपनी बाइक की गति और बढ़ा ली थी। इस क्रम में उसने एक ऑटो को भी धक्का मारा था। तभी कोलकाता ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल तपन उरांव ने बाइक को पीछे से पकड़ने की कोशिश की तो वह धक्का देकर वहां से फरार हो गया था जिससे तपन बुरी तरह जख्मी हो गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज की जाच की गई। इसके 13 दिन बाद आरोपित की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार किया गया।