बंगाल चुनाव: भाजपा की तीसरी सूची जारी, दूसरे चरण में बाकी दो सीटों के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा की
West bengal assembly election 2021 पहले व दूसरे चरण के लिए सभी 60 सीटों पर प्रत्याशियों की अब हो चुकी हैं घोषणा बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कीं। खड़गपुर सदर से बांग्ला अभिनेता हिरणमय चट्टोपाध्याय को दिया टिकट।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। कोलकाता बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को अपने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कीं। तीसरी सूची में दूसरे चरण के चुनाव के लिए बाकी दो सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इसमें पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर सदर सीट से बांग्ला अभिनेता हिरणमय चट्टोपाध्याय को जबकि बांकुड़ा जिले के बरजोरा सीट से सुप्रीति चटर्जी को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा उनके नाम पर स्वीकृति के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने नाम की घोषणा कीं। इन दोनों सीटों पर दूसरे चरण में एक अप्रैल को मतदान होने हैं।
गौरतलब है कि खड़गपुर सीट से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष के चुनाव लड़ने की चर्चा थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में मेदिनीपुर सीट से सांसद चुने जाने से पहले घोष 2016 के विधानसभा चुनाव में खड़गपुर सदर सीट से ही जीत दर्ज की थी। इसीलिए उनके इस सीट से एक बार फिर विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा थी। इस सीट से अब तक प्रत्याशी भी घोषित नहीं किए जाने से इस बात की अटकलें लगाई जा रही थी। लेकिन प्रत्याशी घोषित करने के साथ इन अटकलों पर विराम लग गया है।
बताते चलें कि भाजपा ने बंगाल में अब तक मुख्यमंत्री का कोई चेहरा घोषित नहीं किया है, लेकिन दिलीप घोष का नाम इसमें सबसे आगे हैं। 2015 में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद से बंगाल में भाजपा की पैठ बढ़ाने व 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां 18 सीटें जीतने का श्रेय उन्हें जाता है। गौरतलब है कि इससे पहले छह मार्च को भाजपा ने बंगाल चुनाव के लिए पहले व दूसरे चरण के 56 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की थीं। पहले व दूसरे चरण में 60 विधानसीटों पर चुनाव होने हैं। इनमें से एक सीट भाजपा ने अपनी सहयोगी पार्टी आजसू को दी है।
वहीं, बीते सोमवार को भाजपा ने पुरुलिया जिले की एक सीट के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा की थी। इसके बाद अब आजसू की एक सीट को छोड़ दिया जाए तो भाजपा पहले व दूसरे चरण में 60 में से सभी 59 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी हैं। वहीं एक दिन पहले आजसू ने भी अपनी सीट पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी। इसके बाद अब सभी 60 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित हो चुके हैं।