Bengal coronavirus: कोरोना संक्रमित हुए बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और उनकी पत्नी मीरा भट्टाचार्य
बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और उनकी पत्नी मीरा भट्टाचार्य कोरोना संक्रमित हो गए हैं। 77 वर्षीय बुद्धदेव घर पर ही पृथकवास में हैं। उनकी पत्नी मीरा का महानगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और उनकी पत्नी मीरा भट्टाचार्य कोरोना संक्रमित हो गए हैं। 77 वर्षीय बुद्धदेव घर पर ही पृथकवास में हैं। उनकी पत्नी मीरा का महानगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बुद्धदेव को ‘ क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज’ (फेफड़ों के कई रोग) हैं और कुछ चिकित्सकीय जांच कराने के लिए उन्हें अस्पताल जाने की जरूरत है लेकिन वह अस्पताल नहीं जाना चाहते।
मंगलवार रात भी उनके ऑक्सीजन का स्तर 90 पर पहुंच गया था, जो चिकित्सकीय मदद के बाद ठीक हुआ। उनसे अस्पताल जाने और जांच कराने का अनुरोध किया गया है। बुद्धदेव और उनकी पत्नी दोनों मंगलवार शाम जांच में कोरोना संक्रमित पाए गए थे। मीरा भट्टाचार्य के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है।
माकपा के वरिष्ठतम नेताओं में से एक बुद्धदेव भट्टाचार्य 2000 से 2011 तक बंगाल के मुख्यमंत्री रहे थे। इससे पहले कोरोना की चपेट में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और कई दिग्गज मंत्री आ चुके हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरुप्पा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत अन्य कई राज्यों के मुख्यमंत्री कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।