Bengal Chunav: तीसरे और चौथे चरण के चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन पर भाजपा में बढ़ा विवाद, विरोध-प्रदर्शन तेज
West Bengal Assembly Elections 2021 जिले से लेकर भाजपा चुनाव मुख्यालय तक दूसरे दिन भी हंगामा शाह-नड्डा असंतोष को लेकर प्रदेश भाजपा नेतृत्व से नाराज। तीसरे और चौथे चरण के चुनाव के लिए 63 उम्मीदवारों की तीसरी सूची की घोषणा के बाद से भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। West Bengal Assembly Election 2021: तीसरे और चौथे चरण के चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद से बंगाल भाजपा के भीतर विवाद गहरा गया है। विभिन्न हिस्सों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सही उम्मीदवारों के चयन नहीं होने लेकर जिले से लेकर राज्य चुनाव मुख्यालय तक दूसरे दिन भी अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। कैनिंग वेस्ट, मगहराहाट, कुलतली, जयनगर और बिष्णुपुर के भाजपा समर्थक महानगर के हेस्टिंग्स स्थित पार्टी के चुनाव कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं हुगली से लेकर उत्तर बंगाल तक में विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
मंगलवार को हेस्टिंग में तो हालात यहां तक पहुंच गया कि पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। विरोध प्रदर्शन करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि हम कैनिंग वेस्ट सीट से अर्णब रॉय की तत्काल वापसी चाहते हैं। वह तृणमूल से भाजपा में पांच दिन पहले शामिल हुए और उन्हें टिकट दे दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि भ्रष्टाचार में शामिल तृणमूल नेताओं को टिकट दे दिया गया है। उन नेताओं में से कुछ पर भाजपा सदस्यों के खिलाफ अत्याचार के आरोप भी हैं। वे लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे प्रत्याशियों को वापस लेना होगा। तीसरे और चौथे चरण के चुनाव के लिए 63 उम्मीदवारों की तीसरी सूची की घोषणा के बाद से भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है।
भाजपा समर्थकों ने कुछ जगहों पर अपने ही पार्टी दफ्तर में तोड़-फोड़ भी कर दी। टायर जलाकर सडक़ों को अवरुद्ध भी किया। प्रदेश भाजपा के नेताओं का कहना है कि समस्या के निदान की कोशिश की जा रही है। पार्टी जब बड़ी होती है तो ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। सभी को खुश नहीं किया जा सकता। भाजपा के राज्य महासचिव सायंतन बसु ने कहा कि जल्द ही समस्या सुलझ जाएगा।