Move to Jagran APP

2021 चुनाव से पहले बंगाल भाजपा ने शुरू किया सदस्यता अभियान, 3 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य

बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को राज्य में सदस्यता अभियान शुरू किया और आगामी चुनावों में तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।

By Vijay KumarEdited By: Published: Fri, 07 Aug 2020 08:31 PM (IST)Updated: Fri, 07 Aug 2020 08:34 PM (IST)
2021 चुनाव से पहले बंगाल भाजपा ने शुरू किया सदस्यता अभियान, 3 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य
2021 चुनाव से पहले बंगाल भाजपा ने शुरू किया सदस्यता अभियान, 3 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को राज्य में सदस्यता अभियान शुरू किया और आगामी चुनावों में तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने अपने अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में 'आमार परिवार, बीजेपी परिवार' (मेरा परिवार, भाजपा परिवार) नाम से सदस्यता अभियान की शुरुआत की। पार्टी ने सदस्यता अभियान के लिए एक टोल फ्री नंबर- 9727294294 भी जारी किया,  जिस पर मिस्ड कॉल देकर लोग जुड़ सकते हैं।

loksabha election banner

इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक वीडियो संदेश में बंगाल के लोगों से पार्टी में शामिल होने और जनविरोधी तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकने में मदद की अपील की। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने परिवर्तन से हताश अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं सहित बुद्धिजीवियों वह आम लोगों से राज्य में परिवर्तन के लिए भाजपा में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अगले 3 माह में बंगाल में तीन करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। घोष ने कहा, 2011 में राज्य के बुद्धिजीवी, श्रमजीवी, समाज और राजनीति से जुड़े लोग बंगाल में परिवर्तन की उम्मीद से तृणमूल में शामिल हुए थे। लेकिन उनमें बड़ी संख्या में लोग हताश हुए हैं। उन्होंने ऐसे लोगों में वरिष्ठ नेता मुकुल राय और जयप्रकाश मजूमदार का भी नाम लिया जो वहां मौजूद थे और पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

इनके अतिरिक्त और भी बहुत से लोगों ने भाजपा और मोदी के नेतृत्व का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि राज्य में परिवर्तन की आकांक्षा रखने वालों के लिए भाजपा ने अपना दरवाजा खोल कर रखा है। जाति, धर्म, भाषा और संप्रदाय के भेदभाव के बिना राज्य में परिवर्तन के आकांक्षी लोगों से उन्होंने भाजपा से जुड़ने का आह्वान किया। घोष ने कहा कि इससे पहले प्रदेश भाजपा ने जब सदस्यता अभियान चलाया था उसमें 98 लाख सदस्य बनाए गए थे। अब 3 महीने तक यह अभियान चलेगा और उन्होंने तीन करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद जताई। इस मौके पर एक दर्जन से ज्यादा लोग भाजपा में शामिल भी हुए और घोष ने पार्टी का झंडा देकर उनका स्वागत किया। सदस्यता अभियान शुरू किए जाने के मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा और भाजपा केंद्रीय कमेटी के सदस्य मुकुल राय भी उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.