बंगाल भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर समेत असंतुष्ट नेताओं के खिलाफ केंद्रीय नेतृत्व से की शिकायत
प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर समेत असंतुष्ट नेताओं के खिलाफ केंद्रीय नेतृत्व से शिकायत की है। बंगाल भाजपा सूत्रों से इसकी जानकारी मिली है। बताते चलें कि भाजपा की प्रदेश व जिला इकाई में सांगठनिक फेरबदल के बाद से कुछ नेता नाराज चल रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर समेत असंतुष्ट नेताओं के खिलाफ केंद्रीय नेतृत्व से शिकायत की है। बंगाल भाजपा सूत्रों से इसकी जानकारी मिली है। बताते चलें कि भाजपा की प्रदेश व जिला इकाई में सांगठनिक फेरबदल के बाद से कुछ नेता नाराज चल रहे हैं। दरअसल प्रदेश भाजपा की नई समिति में मतुआ समुदाय के प्रतिनिधियों को जगह नहीं मिलने से उत्तर 24 परगना के बनगांव के सांसद व केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर खफा हैं।
वह मतुआ महासंघ के अध्यक्ष हैं। इसे लेकर उन्होंने पिछले दिनों पार्टी से नाराज मतुआ समुदाय के विधायकों और अन्य नेताओं के साथ भी बैठक की थी। बैठक में मतुआ समुदाय से ताल्लुक रखने वाले भाजपा के तीन विधायक अशोक किरतनिया, सुब्रत ठाकुर और मुकुटमणि अधिकारी तथा इस पिछड़े वर्ग के 40 अन्य नेताओं भी हिस्सा लिया था। बैठक के दौरान संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) जैसे मुद्दों के कार्यान्वयन को लेकर चर्चा हुई। बैठक में शामिल हुए भाजपा के तीनों विधायक हाल में पार्टी के वाट्सऐप ग्रुप से खुद को अलग कर चुके हैं। शांतनु ठाकुर का सारा गुस्सा राज्य भाजपा के संगठन महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती के खिलाफ है।
मतुआ समुदाय की बैठक से एक दिन पहले ही शांतनु ठाकुर ने असंतुष्ट विधायकों के साथ बैठक की थी, जिन्होंने नवगठित राज्य समिति में निष्ठावान नेताओं के संघर्ष को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था। शांतनु ठाकुर ने गत सोमवार को पार्टी के नाराज नेताओं के साथ पिकनिक भी मनाया था। पिकनिक में प्रदेश समिति से हटाए गए रितेश तिवारी, सायंतन बसु व पूर्व उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजुमदार व अन्य नेता उपस्थित हुए थे।