बंगाल विधानसभा में भाजपा के दो विधायकों ने तृणमूल नेता मुकुल राय के पैर छुए तो अटकलों का बाजार गर्म
विधानसभा के पहले सत्र के दौरान शुक्रवार को भाजपा के दो विधायकों मनोज तिग्गा और जोएल मुर्मू ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल राय को पैर छूकर प्रणाम किए। इसके बाद से अटकलों का बाजार गर्म है। हालांकि भाजपा के दोनों विधायकों ने इसे शिष्टाचार बताया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : विधानसभा के पहले सत्र के दौरान शुक्रवार को भाजपा के दो विधायकों मनोज तिग्गा और जोएल मुर्मू ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल राय को पैर छूकर प्रणाम किए। इसके बाद से अटकलों का बाजार गर्म है। हालांकि भाजपा के दोनों विधायकों ने इसे शिष्टाचार बताया है। दरअसल पिछली विधानसभा में मनोज तिग्गा भाजपा परिषदीय दल के नेता थे। इस बार उनका नाम विपक्ष के नेता के रूप में सबसे पहले सामने आया। लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने सुवेंदु अधिकारी को विपक्ष के नेता की सीट पर बिठा दिया।
ऐसे में राजनीतिक हलकों में मनोज तिग्गा और जुएल मुर्मू द्वारा मुकुल के नमन को विशेष महत्व दिया जा रहा है। मुकुल फिलहाल विधानसभा में विपक्ष की सीट पर बैठ रहे हैं। लेकिन साफ है कि पुरानी पार्टी भाजपा में उनके अनुयायी भी कम नहीं हैं। जहां एक ओर विधानसभा भवन में राज्यपाल के भाषण के दौरान भाजपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर भाजपा के दो विधायक मनोज तिग्गा और जोएल मुर्मू मुकुल रॉय के चरणों में नतमस्तक हो गए। हालांकि दोनों विधायकों की ओर से इस शिष्टाचार बताए जाने के बावजूद अटकलों का बाजार गर्म है।
उधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बावजूद विपक्ष में बैठने को लेकर मुकुल रॉय का मजाक उड़ाया है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मुकुल रॉय जैसा वरिष्ठ नेता भाजपा से जीतकर खुलेआम तृणमूल कांग्रेस में मिल हो गए और अब वह बेशर्मी से हमारी सीट पर बैठे हैं।मुकुल रॉय के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद से ही भाजपा उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर रही है। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी विधानसभा के अध्यक्ष बिमान बनर्जी को एक पत्र लिखा।