Bengal Assembly Elections 2021: बंगाल का प्रभारी नियुक्त होने के बाद आज पहली बार राज्य के दौरे पर आ रहे हैं जितिन प्रसाद
Bengal Assembly Elections 2021 प्रदेश कांग्रेस के नेताओं एवं जिला नेताओं के साथ सांगठनिक बैठक करेंगे एवं राज्य के राजनीतिक हालात व चुनावी की तैयारियों के बारे में जानकारी लेंगे। बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। Bengal Assembly Elections 2021: बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बंगाल का प्रभारी नियुक्त होने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद पहली बार गुरुवार, 17 दिसंबर को राज्य के दौरे पर आ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, वे यहां प्रदेश कांग्रेस के नेताओं एवं जिला नेताओं के साथ सांगठनिक बैठक करेंगे एवं राज्य के राजनीतिक हालात व चुनावी की तैयारियों के बारे में जानकारी लेंगे। गौरतलब है कि बंगाल में कांग्रेस इस समय अपने वजूद के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
कभी बंगाल की सत्ता में प्रभाव रखने वाली कांग्रेस इस समय चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है। इस वक्त बंगाल में भाजपा जमीनी तौर पर विपक्ष का स्थान ले चुकी है। इससे पहले 2016 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस व वाममोर्चा मिलकर लड़ी थी। हालांकि गठबंधन के बावजूद पिछले विधानसभा चुनाव में वह कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सकी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस व वाममोर्चा का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था।
कांग्रेस महज दो सीट जीतने में कामयाब रही थी जबकि वाममोर्चा का खाता तक नहीं खुला था। वहीं, अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव भी कांग्रेस व वाममोर्चा ने मिलकर लड़ने का फैसला किया है। पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने इसकी घोषणा की थी। इस बीच अब नवनियुक्त प्रभारी जितिन प्रसाद विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल आ रहे हैं। माना जा रहा है कि इसके जरिए वह पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं में जान फूंकने की कोशिश करेंगे।