खड़दह में विधायक राज चक्रवर्ती पर हमला, तृणमूल का आरोप, घटना के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। विधायक राज चक्रवर्ती व पालिका प्रशासक प्रशांत चौधरी पार्क का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। भाजपा ने कहा है कि यह तृणमूल कांग्रेस के आपसी कलह का नतीजा!
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : उत्तर 24 परगना के खड़दह में तृणमूल कांग्रेस के विधायक राज चक्रवर्ती व बैरकपुर नगर पालिका के प्रशासक प्रशांत चौधरी पर हमले की घटना प्रकाश में आई है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम खड़दह के बड़ा मस्जिद इलाके में विधायक राज चक्रवर्ती व पालिका प्रशासक प्रशांत चौधरी पार्क का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया।
तृणमूल का आरोप है कि इस घटना के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ है। वहीं दूसरी और भाजपा ने कहा है कि यह तृणमूल कांग्रेस के आपसी कलह का नतीजा है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
बताते चलें कि आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर रविवार को उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण करने को लेकर कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा में फिर से जमकर सियासी बवाल व संघर्ष देखने को मिला था।
बैरकपुर से स्थानीय भाजपा सांसद अर्जुन सिंह जब यहां सुबह नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे तो सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सिंह को माल्यार्पण करने से भी रोक दिया।
इसके बाद इसको केंद्र कर टीएमसी व भाजपा के समर्थक आपस में भिड़ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़पें हुई। इस दौरान तृणमूल समर्थकों द्वारा कथित तौर पर भाजपा सांसद के काफिले में शामिल दो वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
साथ ही भाजपा ने अपने सांसद के साथ धक्का-मुक्की करने व उनपर हमले का भी तृणमूल पर आरोप लगाया है। वहीं, इस विरोध प्रदर्शन के बीच स्थिति को काबू करने के लिए सांसद अर्जुन सिंह के अंगरक्षकों (सीआइएसफ जवानों) पर लाठीचार्ज करने और हवा में सात राउंड गोली चलाने का भी आरोप लगा था।