बांग्ला फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री व तृणमूल सांसद शताब्दी रॉय के साथ 2.75 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी
धोखाधड़ी-एक शख्स ने पुराने सोने के गहने के बदले हॉलमार्क वाले सोने के गहने देने के नाम पर की धोखाधड़ी। आरोपित गिरफ्तार। शताब्दी का विश्वास हासिल करने के लिए दिए से फर्जी दस्तावेज। उसे गुरुवार को अलीपुर कोर्ट ले जाया गया। वह 22 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रहेगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बांग्ला फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री तथा तृणमूल सांसद शताब्दी रॉय 2.75 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की शिकार हुईं हैं। एक शख्स ने उन्हें पुराने सोने के गहने के बदले हॉलमार्क वाले सोने के गहने देने के नाम पर धोखाधड़ी की है। आरोप है कि अभिनेत्री और सांसद से लगभग 2 करोड़ 75 लाख रुपये के सोने के आभूषण और पैसे ले लिए गए हैं। पुलिस ने इस संबंध में उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
पश्चिम मेदिनीपुर के दासपुर का निवासी
आरोपित का नाम सुकुमार सामंत (49) है। पुलिस के अनुसार वह पश्चिम मेदिनीपुर के दासपुर का निवासी है। उसे गुरुवार को अलीपुर कोर्ट ले जाया गया। जज ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी। वह 22 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रहेगा।
गरियाहाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज
सांसद ने हाल ही में गरियाहाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इसके आधार पर, पुलिस ने षडयंत्र, विश्वासघात और धोखाधड़ी के आरोप में एक आपराधिक मामला दर्ज किया। कोलकाता खुफिया पुलिस ने जांच का जिम्मा लिया है।
जांच-इस घटना के पीछे और कौन-कौन?
सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे और कौन-कौन हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उसने शताब्दी का विश्वास हासिल करने के लिए कुछ दस्तावेज भी दिए थे जो फर्जी पाए गए।
पुलिस इस बात की विस्तृत जांच कर रही
इस बीच, सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि पुलिस इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि सोना कहां रखा गया है या किस दुकान को दिया गया है।