धान खरीद में गड़बड़ी का आरोप निराधार : मंत्री
राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा के उस आरोप को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने धान खरीद में गड़बड़ी की बात कही है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राहुल सिन्हा के उस आरोप को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने धान खरीद में गड़बड़ी की बात कही है। मल्लिक ने कहा कि राहुल सिन्हा ने धान खरीद में गड़बड़ी का जो आरोप लगाया है, वह निराधार है। उन्हें धान खरीद के बारे में कोई ज्ञान नहीं है इसलिए उन्होंने सरकार को बदनाम करने के लिए जो मन में आया, वह कह दिया।
मल्लिक ने आगे कहा कि केंद्र की तीन और राज्य की दो संस्थाएं किसानों से सीधे समर्थन मूल्य पर धान खरीदती है। कम मूल्य पर धान खरीदने का सवाल ही पैदा नहीं होता। अगर कहीं भी किसानों से धान खरीदने में कोई गड़बड़ी होती है तो सरकार कार्रवाई करती है। धान खरीद में गड़बड़ी करने पर राज्य में 314 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राहुल सिन्हा ने कहा था कि केंद्र सरकार ने धान का समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 1750 रुपये निर्धारित किया है लेकिन राज्य में कम कीमत में मात्र 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी गई है। राज्य में धान खरीद में व्यापक आर्थिक अनियमितता हुई है। प्रदेश भाजपा ने धान खरीद में अनियमितता की सीबीआइ से जांच की मांग पर आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।