अधीर चौधरी ने फिर दिया ममता को ऑफर, उनकी पार्टी के बिना ममता के लिए बंगाल में फिर आना असंभव
बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक घमासान के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी तृणमूल नेता सौगत रॉय के कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों को तृणमूल कांग्रेस के साथ आने की सलाह के बाद कांग्रेस ने पटलवार किया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक घमासान के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी तृणमूल नेता सौगत रॉय के कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों को तृणमूल कांग्रेस के साथ आने की सलाह के बाद कांग्रेस ने पटलवार किया है। बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर चौधरी ने शुक्रवार को फिर से सुझाव दिया कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कांग्रेस में शामिल होना चाहिए और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ लड़ना चाहिए।
अधीर ने कहा कि ममता बनर्जी आगामी चुनावों में अकेली भाजपा के खिलाफ नहीं लड़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें (ममता बनर्जी) को कांग्रेस में शामिल होना चाहिए क्योंकि बंगाल में भाजपा को कांग्रेस के बिना सत्ता में आने से रोकना संभव नहीं है। कांग्रेस ने भारत में लगभग 100 सालों तक भाजपा जैसे दलों के खिलाफ गठबंधन करके भारत में एक धर्मनिरपेक्ष माहौल बनाए रखा था।
चौधरी ने कहा कि ममता को तृणमूल कांग्रेस छोड़ देना चाहिए और आज ही कांग्रेस से हाथ मिलाना चाहिए। आज हम किसानों के मुद्दे पर राजभवन में अभियान चला रहे हैं। तृणमूल के सभी प्रतिनिधियों को शुक्रवार को कांग्रेस के नेतृत्व में आना चाहिए। ममता के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि अब तृणमूल कांग्रेस सोच रही है कि कांग्रेस के बिना राज्य में उसका रहना मुश्किल होगा और कांग्रेस पार्टी भी यही सलाह देती रही है।