फोटो-6 :: अभिनेत्री ने पति ससुरालवालों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
बीते जमाने की एक अभिनेत्री ने अपने पति और ससुरालवालों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : बीते जमाने की एक अभिनेत्री ने अपने पति और ससुरालवालों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का नाम सोमा गुहा है। वह लेकटाउन की रहने वाली है। सोमा ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है। अभिनेत्री के पति शेखर हलदर और पुलिस ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। सोमा ने बताया कि शेखर से 2011 में उसकी मुलाकात हुई। दोनों करीब आए। तब उसे जबरन फिल्मों में काम करना छोड़ना पड़ा। बाद में जब उसने सीरियलों में काम करना चाहातो उसे नहीं दिया गया। वह मॉडलिंग भी कर चुकी है और मिस कोलकाता रही है। 2013 में शेखर से उसकी शादी हुई थी। एक साल बाद ही यानी 2014 में उसके देवर की मौत हो गई। उसके ससुरालवालों ने इसके लिए उसे दोषी ठहराया और तभी से डायन कहकर ताने मारने लगे। सोमा ने आरोप लगाया कि उस पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार होने लगा। इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई। सी हाल में ससुरालवाले उसे मारते-पीटते थे। इस कारण उसका गर्भपात भी हो गया। सोमा ने बताया कि उसका पति पेशे से चिकित्सक है और महानगर के एक नामी गैरसरकारी अस्पताल में कार्यरत है। पिछले दो माह से वह घर नहीं आ रहा था। इस बीच उसने एक फ्लैट भी खरीदा। उनकी तलाश में गत बुधवार को वो जब फ्लैट में पहुंची तो शेखर ने उसकी पिटाई की। इसके बाद वह लेकटाउन थाने पहुंची और पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।