सॉल्टलेक में तृणमूल कार्यकर्ता पर तेजाब से हमला, भाजपा पर आरोप
जागरण संवाददाता कोलकाता विधाननगर दक्षिण थानांतर्गत सॉल्टलेक के लावणी आइलैंड में तृणमूल क
जागरण संवाददाता, कोलकाता : विधाननगर दक्षिण थानांतर्गत सॉल्टलेक के लावणी आइलैंड में तृणमूल कार्यकर्ता पर तेजाब से हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। उसका नाम राजू दे है। वह दत्ताबाग का रहने वाला है। उसने भाजपा पर हमले का आरोप लगाते हुए कई लोगों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जांच में उतरी पुलिस ने एक भाजपा समर्थक को हिरासत में भी लिया है। उसका नाम भोला सरदार है। पुलिस बाकि हमलावरों की तलाश में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राजू का आरोप है कि सोमवार की रात वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर घर जा रहा था, तभी लावणी आइलैंड के पास पहले से घात लगाए भोले व उसके साथियों ने उस पर कुछ तरल पदार्थ भेजा। पहले उसे कुछ समझ में नहीं आया, लेकिन जब जलन होने लगी और दुर्गध आने लगा, तो उसे संदेह हुआ। घर पहुंचने के बाद तुरंत राजू को विधाननगर महकमा अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उस पर तेजाब से हमला किए जाने की पुष्टि की। इसके बाद राजू ने भोला समेत कई लोगों के खिलाफ विधाननगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि हत्या के इरादे से उस पर तेजाब से हमला किया गया है। विधाननगर नगर निगम के 38 नंबर वार्ड के पार्षद निर्मल दत्त ने बताया कि अब तक राजू पर तीन बार हमला किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भी तृणमूल को पूरे विधाननगर से लीड मिली थी। इसमें पार्टी के लिए राजू ने भी काफी मेहनत की थी। इसी से नाराज भाजपाइयों द्वारा बार-बार राजू पर हमला हो रहा है। उधर, भाजपा ने तृणमूल के लगाए आरोपों को झूठा और बेबुनियादी करार दिया।