सुंदरवन गेस्ट हाउस में डकैती की साजिश रचते छह सशस्त्र डकैत गिरफ्तार
- तीन अन्य डकैत अंधेरे का लाभ उठा कर भागने में सफल - सात बंदूक 22 कारतूस जिंदा बम और मोबा
- तीन अन्य डकैत अंधेरे का लाभ उठा कर भागने में सफल
- सात बंदूक, 22 कारतूस, जिंदा बम और मोबाइल फोन जब्त
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के सुंदरवन अंतर्गत कैखाली गेस्ट हाउस में डकैती की साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने बुधवार तड़के छह सशस्त्र डकैतों को गिरफ्तार किया। इनके पास से छह सिंगल बैरल लांग गन, एक वन शॉटर शर्ट गन, प्लाइंट-12 बोरो के 20 व प्लाइंट-8 एमएम के दो कारतूस, दो जिंदा बम और चार मोबाइल फोन जब्त किया गया।
गिरफ्तार सभी आरोपित, बसीरहाट, हसनाबाद, न्यूटाउन और बनगांव के रहने वाले हैं। हालांकि तीन अन्य डकैत अंधेरे का लाभ उठा कर नदी के रास्ते फरार होने में सफल रहे। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात बारुईपुर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप टीम के पास डकैती के इरादे से कुलतली के कैखाली बाजार के पास डकैतों के एक गिरोह के एकत्र होने की गुप्त सूचना मिली थी। ऑपरेशन ग्रुप ने डकैतों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, कुलतली पुलिस की मदद से कैखाली घाट से सटे बाजार में पहले ही पहुंच कर छिप गई। रात डेढ़ बजे उनकी नजर नौ लोगों पर पड़ी, जिनके पास बड़ी-बड़ी बंदूके और बम थे। पुलिस ने चारों ओर से उन्हें घेर लिया और टार्च जला कर सभी डकैतों को आत्मसमर्पण करने की हिदायत दी। अचानक पुलिस को सामने देख कर डकैतों में ख्रलबली मच गई। पुलिस की बंदूकें उनकी ओर उठी देख छह सशस्त्र डकैत हाथ उठा कर समर्पण को तैयार हो गए, लेकिन तीन डकैतों ने अंधेरे का लाभ उठा कर नदी में छलांग मार दी और फरार हो गए। पुलिस ने बाकी बचे छह डकैतों को गिरफ्ता कर लिया और उनके हथियार जब्त कर लिए। पूछताछ में सभी ने सुंदरवन अंतर्गत कैखाली गेस्ट हाउस में डकैती के इरादे से एकत्र होने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस गिरफ्तार डकैतों से पूछताछ कर बाकी के फरार डकैतों की तलाश शुरू कर दी है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप