West Bengal :पूर्ण लॉकडाउन में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन में 289 व मास्क नहीं पहनने पर 346 लोग गिरफ्तार
महानगर के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर कोलकाता पुलिस ने बिना मास्क लगाकर घरों से बाहर निकालने के आरोप में 346 लोगों को गिरफ्तार किया।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए गुरुवार को पूरे बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन लागू किया गया था। पूर्ण लॉकडाउन के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन व बेवजह घर से बाहर निकलने वालों के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने कार्रवाई की।
गुरुवार को महानगर के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर कोलकाता पुलिस ने बिना मास्क लगाकर घरों से बाहर निकालने के आरोप में 346 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में से कुछ लोगों से जुर्माना वसूल कर उन्हें मास्क देकर घर भेज दिया गया जबकि कुछ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर अदालत में सुनवाई के लिए भेज दिया गया है। वहीं, लॉकडाउन के नियमों के उल्लंघन में 289 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा सार्वजनिक जगहों व सड़कों पर जहां-तहां थूकने के आरोप में 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त बिना जरूरी कार्य व बिना कागजात वाहन लेकर सड़कों पर निकलने के आरोप में 19 वाहनों को जब्त किया गया।
गौरतलब है कि राज्य में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है और गुरुवार को कुल संक्रमितों आंकड़ा 51 हजार को पार कर गया। कोरोना से राजधानी कोलकाता सबसे ज्यादा प्रभावित है और यहां अबतक 16,000 से ज्यादा पॉजिटिव केस आ चुके हैं। कोलकाता से ही हर दिन सबसे ज्यादा नए मामले आ रहे हैं और गुरुवार को भी यहां से रिकॉर्ड 795 मामले आए।