नरेंद्रपुर डकैती कांड में बांग्लादेशी लिंक, दो और गिरफ्तार
- डकैती में लिप्त सात अन्य आरोपित फरार तलाश में जुटी पुलिस - आरोपितों से पुलिस की वर्दी बंदू
- डकैती में लिप्त सात अन्य आरोपित फरार, तलाश में जुटी पुलिस
- आरोपितों से पुलिस की वर्दी, बंदूक, चाकू और कारतूस बरामद
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर थानांतर्गत पूर्व खुड़िगाछी इलाके में दत्त परिवार के घर में रविवार की हुई लूटपाट कांड में बांग्लादेशी डकैत गिरोह के शामिल होने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने घटना में लिप्त दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके नाम रिजाउल शेख, मामन शेख है। दोनों पुलिस की वर्दी में दत्ता परिवार के घर में घुसे और लूटपाट किए थे। इसी मामले में दीपू शर्मा और सबूज शेख नामक दो और आरोपितों को सोमवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इसमें रिजाउर, मामन और सबूज बांग्लादेशी बताए जा रहे हैं। इसमें रिजाउल गिरोह का मुखिया बताया जा रहा है। इससे पहले भी रिजाउल को कोलकाता पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और वह सात साल जेल की सजा भी काट चुका है। जेल से बाहर निकलने के बाद कुछ दिनों तक चुप बैठा रहा, लेकिन फिर से गैंग बना कर डकैती और लूटपाट में जूट गया। आरोपितों के पास से पुलिस की वर्दी, एक चाकू, तीन कारतूस कुछ गहने और नकदी जब्त की गई है। हालांकि डकैती में लिप्त अब भी सात आरोपित फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जगह-जगह छापामारी कर रही है।
गौरतलब हो कि रविवार की रात नरेंद्रपुर अंतर्गत पूर्व खुड़ीगाछी के नेताजीनगर आम बगान निवासी माया दत्त के घर में डकैती के इरादे से धावा बोला था। तब घर में 60 वर्षीय माया और उनका सबसे छोटा बेटा अनूप दत्ता ही घर में थे। उन लोगों ने पुलिस को बताया कि रात दो बजे डकैतों का दल खुद को पुलिस बता कर छह लोग जबरन घर में प्रवेश किए थे। उसमें तीन वर्दी और तीन सादी लिबास में थे। एक के हाथ में बंदूक भी था। वे लोग घर में घुसते ही हथियार का भय दिखा कर लूटपाट शुरु कर दिए। घर की आलमारी तोड़ कर 70 हजार रुपये नकद और 13 भरी सोने के गहने लूट कर चलते बने। जाने के क्रम में उन लोगों ने हवा में कई चक्र गोलियां भी चलाई। उधर, डकैतों के घर से बाहर निकलने के बाद माया के बेटे अरुप ने अपने दोस्त सुरजीत को फोन कर घटना की जानकारी दी। वहीं, गोली की आवाज सुनकर आप पास के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने ही एक डकैत को खदेड़ कर पकड़ा था। उससे पूछताछ के बाद एक और आरोपित को गिरफ्तार किया गया था।