महेशतल्ला से दो भाजपा नेता गिरफ्तार, पार्टी समर्थकों ने थाना घेरा
सातवें चरण के मतदान से पहले ही दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतल्ला थाना क्षेत्र से दो भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : सातवें चरण के मतदान से पहले ही दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतल्ला थाना क्षेत्र से दो भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। उनके नाम उमेश दास और जयदेव दास हैं। उमेश डायमंड हार्बर लोकसभा सीट का भाजपा पर्यवेक्षक है जबकि जयदेव उसका सहायक है। उधर, पार्टी ने चुनाव से पहले षड्यंत्र के तहत फंसाकर दोनों को गिरफ्तार करवाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार रात ही थाने का घेराव कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात बांकुड़ा की पुलिस ने महेशतल्ला और बजबज थाने की मदद से उमेश और जयदेव को गिरफ्तार किया। उसके बाद दोनों को पहले महेशतल्ला थाने ले जाया गया। वहां उनके खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उसके बाद बांकुड़ा की पुलिस दोनों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। शुक्रवार को भाजपा समर्थकों को इसका पता चला तो तनाव फैल गया। दर्जनों भाजपाई महेशतल्ला थाना पहुंचे और घेराव कर दिया। दक्षिण 24 परगना (पश्चिम) के जिला उपाध्यक्ष सुडोल घांटू ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को जिताने के लिए ही झूठे मामले में फंसाकर उमेश और जयदेव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने का कोई कारण भी नहीं बताया है। पुलिस पूरी तरह तृणमूल कैडर के रूप में काम कर रही है और पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं व समर्थकों को झूठे मामलों में फंसा रही है। हालांकि जिला के तृणमूल नेता शक्ति मंडल ने भाजपा के आरोपों को झूठा और बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जब उमेश और जयदेव को गिरफ्तार किया है तो जरूर कोई कारण होगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप