धोखे से विवाहित प्रेमिका के गहने लेकर भागने वाला साथी समेत गिरफ्तार
- खुद को पुलिस बता फेसबुक पर विवाहित महिला से की थी दोस्ती - पति-बेटी को छोड़ प्रेमी के साथ भ
- खुद को पुलिस बता फेसबुक पर विवाहित महिला से की थी दोस्ती
- पति-बेटी को छोड़ प्रेमी के साथ भागने घर से निकली महिला के ले भागा था गहने
- पुलिस ने चोरी के गहने भी बरामद किए
जागरण संवाददाता, कोलकाता : खुद को पुलिस कर्मी बता लेकटाउन की रहने वाली विवाहित महिला से दोस्ती करने और उसके साथ भागने के नाम पर गहने लेकर फरार होने वाला मुख्य आरोपित अपने साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उनके नाम सौमित्र मंडल और दुलाल सरदार है। सौमित्र संदेशखाली और दुलाल बांसद्रोणी का रहनेवाला है। इनके पास से सोने से आभूषण भी बरामद कर लिए गये हैं।
बुधवार को दुलाल को विधाननगर महकमा अदालत में पेश किया, जहां से सात दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस धंधे में कोई और तो शामिल नहीं है।
संदेशखाली निवासी सौमित्र का फेसबुक के जरिए लेकटाउन की रहने वाली महिला से दोस्ती हुई थी। सौमित्र ने महिला को पुलिस कर्मी बताया था। कुछ दिनों में ही दोनों ने नंबर आदान-प्रदान किया और काफी करीब आ गए। सौमित्र ने महिला के साथ गृहस्थी बसाने की बात कर घर से भागने का प्रस्ताव दिया। पहले से विवाहित होने और एक बच्चे की मां होने के बावजूद महिला प्रेमी सौमित्र के साथ घर छोड़ कर भागने को तैयार हो गई। विगत 15 नवंबर को प्रेमी के कहने पर वह अपने गहने और नकदी लेकर पति-बेटी को छोड़ कर घर से भाग गई। दोपहर में बाइपास में एक स्थान पर महिला ने प्रेमी सौमित्र के साथ मुलाकात की। लेकिन सौमित्र ने बताया कि उसके घर से भागने की खबर उसके पति को चल गई है वह उसके (सौमित्र) के घर पहुंच कर झगड़ा कर रहा है। वह अपने घर जाकर जल्द ही झगड़ा सुलझा कर वापस उसके पास आता है। जाते-जाते महिला से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के गहने भी लेता गया। लेकिन करीब चार घंटे इंतजार करने के बावजूद सौमित्र वापस प्रेमिका के पास नहीं पहुंचा। उसने अपना फोन भी बंद कर दिया। थक हार कर महिला घर चली गई और अगले दिन यानी 16 नवंबर को सौमित्र के खिलाफ लेकटाउन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जांच में उतरी पुलिस ने विगत 25 नवंबर को सौमित्र को संदेशखाली से गिरफ्तार कर लिया। उसे विधाननगर अदालत में पेश किया गया, जहां से सात दिनों के पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने सौमित्र से पूछताछ शुरू की, तो दुलाल के बारे में पता चला। मंगलवार की रात बांसद्रोणी इलाके में छापामारी कर पुलिस ने दुलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। उसी के पास से चोरी के गहने भी बरामद हो गए।