रसोई गैस सिलेंडर चोरी करने के आरोप में दो गिरफ्तार
जागरण संवाददाता कोलकाता रसोई गैस सिलेंडर चोरी करने के आरोप में पर्णश्री थाने की पुलिस ने
जागरण संवाददाता, कोलकाता : रसोई गैस सिलेंडर चोरी करने के आरोप में पर्णश्री थाने की पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके नाम फिरोज गाजी और वीरेंद्र सिंह है। वीरेंद्र महेशतल्ला के बगेरखाल और फिरोज सरसुना के रामकृष्ण सरणी का रहने वाला है। इनके पास से चोरी का गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विगत मंगलवार को महेशतल्ला के केटोपोल निवासी पेशे से डिलीवरी ब्वॉय राजीव शील घर-घर सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर देने निकला था। इस दिन वह एक मकान में सिलेंडर देने के बाद जब बाहर निकला तो उसके वैन से एक गैस सिलेंडर चोरी हो चुका था। उसने तुरंत गैस एजेंसी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पर्णश्री थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। जांच में उतरी पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो चोरों की करतूत सामने आ गई। सीसीटीवी में एक युवक वैन से गैस सिलेंडर चोरी कर दिखा। पुलिस ने उसका पता लगाया तो वह सरसुना के रामकृष्ण सरणी का रहने वाला फिरोज निकला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की, तो महेशतल्ला के बगेरखाल निवासी वीरेंद्र के बारे में भी पता चला। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।